- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: संत रविदास...
New Delhi: संत रविदास समरसता संकल्प अभियान की तैयारी में जुटी दिल्ली भाजपा

नई दिल्ली: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा आगामी जन्म जयंती तक 'संत रविदास समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी। अभियान के तहत 29 जुलाई को वाराणसी में होने वाले कलश वंदन वितरण कार्यक्रम के लिए 11 सदस्यीय टोली को सोमवार को प्रदेश कार्यालय से रवाना किया गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने टोली को झंडी दिखाकर विदा किया।
इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि काशी की पवित्र भूमि पर वर्ष 1377 में जन्मे संत रविदास का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का प्रसिद्ध वचन मन चंगा तो कठौती में गंगा सामाजिक समरसता और आंतरिक पवित्रता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि रविदास ने 'बेगमपुरा' जैसे समानता आधारित समाज की कल्पना की थी, जहां किसी प्रकार का भेदभाव न हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संत रविदास के विचारों और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। काशी में गुरु रविदास जन्मस्थली के विकास कार्य तथा हरियाणा के आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत रविदास के नाम पर रखा जाना इसी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को दिल्ली में भव्य कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने संत रविदास जयंती समारोहों के संचालन के लिए एक समिति का गठन भी किया है। समिति के संयोजक सांसद योगेंद्र चंदोलिया हैं, जबकि दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा, विधायक राजकुमार भाटिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लाजपत राय, रूपेश मेहरा तथा लीला सिंह इसके प्रमुख सदस्य हैं। समिति आगामी जयंती तक संत रविदास समरसता संकल्प अभियान का संचालन करेगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लाजपत राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह, सांसद योगेंद्र चंदोलिया, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा, योगिता सिंह, प्रदेश मंत्री राज गौतम सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती पर समाज को समरसता, श्रम के सम्मान और सामाजिक समानता का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जाति नहीं, बल्कि कर्म की श्रेष्ठता ही संत रविदास की शिक्षाओं का मूल संदेश है।
सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि संत रविदास ने सेवा, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कलश यात्रा के माध्यम से संत रविदास का संदेश घर-घर तक पहुंचेगा और समाज में समरसता की भावना मजबूत होगी।
दिल्ली सरकार में मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और संत परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में संतों और तीर्थ स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वाराणसी से पवित्र मिट्टी और कलश दिल्ली लाकर विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाए जाएंगे, जिससे समाज में समरसता और संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रसार होगा।
दिल्ली भाजपा की ओर से वाराणसी रवाना हुए 11 सदस्यीय दल में गोपाल कृष्ण, रंजीत कश्यप, राहुल गौतम, मनोज जाटव, रेखा अमरनाथ, कमल बागड़ी, भारत गौतम, विमल कश्यप, लोकेश्वरी देवी, लीला सिंह तथा तरण कुमार शामिल हैं।





