- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: भारत की...
New Delhi: भारत की आजादी के 80वें वर्ष पर दुनियाभर से आई बधाइयां

नई दिल्ली: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुनिया के कई देशों और उनके राजनयिक मिशनों ने भारतवासियों को शुभकामनाएं दी। अमेरिका, रूस, इजराइल, ऑस्ट्रेलिया, रोमानिया, सिंगापुर, फिनलैंड और स्वीडन सहित कई देशों ने भारत की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों की सराहना करते हुए भविष्य में साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।
अमेरिकी दूतावास ने भारत के स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत अपनी समृद्ध विरासत का उत्सव मनाने और लोकतंत्र की नींव को याद करते हुए आगे बढ़ रहा है। अमेरिका ने कहा कि वह उस भविष्य के निर्माण के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित है, जिसे दोनों देश मिलकर आकार देंगे।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी 15 अगस्त के अवसर पर भारत की जनता को बधाई दी।
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इजराइल राज्य की ओर से भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत की जनता को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और इजराइल के बीच मजबूत होती दोस्ती का उल्लेख करते हुए भविष्य में इस संबंध को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।
ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने सभी भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने तिरंगे के रंगों केसरिया, सफेद और हरे में सजकर भारत के प्रति अपनी दोस्ती और सम्मान का संदेश दिया।
रोमानिया के विदेश मंत्रालय ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मंत्रालय ने भारत को रोमानिया का महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए कहा कि जुलाई 2026 में भारत की राष्ट्रपति की बुखारेस्ट यात्रा के बाद दोनों देशों की विस्तारित साझेदारी ने नया अध्याय शुरू किया है। रोमानिया ने महत्वाकांक्षी द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाने तथा दोनों देशों के नागरिकों के लिए समृद्धि, सुरक्षा और अवसर बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
सिंगापुर ने भारत के स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय मित्रों को शुभकामनाएं दीं। सिंगापुर ने भारत-सिंगापुर संबंधों को मजबूत और लगातार आगे बढ़ने वाली दोस्ती बताया। नई दिल्ली स्थित फिनलैंड के दूतावास और मुंबई स्थित फिनलैंड के महावाणिज्य दूतावास ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।भारत में स्वीडन के दूतावास की ओर से काउंसलर मार्टेन फ्रैंकबी ने भारतीयों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने हाल ही में आर्थिक एवं व्यापार अनुभाग में दूतावास में नई जिम्मेदारी संभाली है।





