दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महरौली में 135 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया

Admindelhi1
31 Jan 2026 8:54 PM IST
New Delhi: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महरौली में 135 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया
x
मुख्यमंत्री ने महरौली में किए बड़े विकास कार्यों का शुभारंभ

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को महरौली विधानसभा क्षेत्र में 135 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। ऐतिहासिक महरौली क्षेत्र में इन परियोजनाओं की शुरुआत क्षेत्र के समग्र कायाकल्प और वर्षों से लंबित बुनियादी आवश्यकताओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, महरौली विधायक गजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महरौली विधानसभा में आज 135 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के माध्यम से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत सड़कों का पुनर्निर्माण, मरम्मत, जर्जर चौपालों और सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, पार्कों का सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए झूलों की स्थापना, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए नए ओपन जिम उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुगम होगी, सार्वजनिक स्थल अधिक सुरक्षित बनेंगे और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता का लाभ प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महरौली केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि दिल्ली की प्राचीन सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। मां योगमाया मंदिर, गुरुद्वारा, लौह स्तंभ, पुरातत्व पार्क और अनेक ऐतिहासिक स्मारकों से समृद्ध यह भूमि हजारों वर्षों के इतिहास की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने पहली बार यह सुनिश्चित किया है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि महरौली विधानसभा के लिए करीब 235 करोड़ का फंड स्वीकृत किया गया है। इस राशि के तहत पीडब्ल्यूडी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, डुसिब जैसे विभागों द्वारा योजनाबद्ध एवं समन्वित तरीके से विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि महरौली क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बदरपुर–महरौली एलिवेटेड रोड परियोजना से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए मल्टी-लेवल पार्किंग, 100 से 200 बेड के आधुनिक अस्पताल, युवाओं के लिए खेल मैदान और सामुदायिक भवन के निर्माण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से महरौली के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Next Story