- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: आशीष सूद ने...
New Delhi: आशीष सूद ने बच्चों के लिए शिक्षा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

नई दिल्ली: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी स्थित डेसू कॉलीनी के सीएम श्री स्कूल में समग्र शिक्षा के अंतर्गत ‘जॉयफुल लर्निंग 2025–26’ राज्य स्तरीय बहु-संवेदी टीएलएम प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भाषा, गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषयों में बहु-संवेदी शिक्षा शिक्षण- सामग्री के विकास के माध्यम से आनंदमय एवं अनुभवात्मक शिक्षण को सुदृढ़ करना है। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा दिल्ली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए राज्य स्तरीय जॉयफुल लर्निंग कार्यक्रम के तहत कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल की जा रही है।
मंत्री आशीष सूद ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को अधिक इंटरैक्टिव, सुलभ और प्रभावी बनाना है, साथ ही शिक्षकों को ऐसे उन्नत शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराना है, जिनसे वे अवधारणाओं को बेहतर ढंग से समझा सकें, शिक्षण परिणामों का मूल्यांकन कर सकें तथा कक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बना सकें। उन्होंने यह भी कहा की यह प्रतियोगिता विद्यालयी शिक्षा में नवाचार, रचनात्मकता और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करने की दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।
सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार का मानना है कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि वह विद्यार्थियों के लिए एक आनंदमय, अनुभवात्मक और सहभागी प्रक्रिया होनी चाहिए। जॉयफुल लर्निंग के अंतर्गत विकसित किए जा रहे बहु-संवेदी शिक्षा-शिक्षण उपकरण न केवल बच्चों की जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि शिक्षकों को भी कक्षा-कक्ष में नवाचार अपनाने के लिए सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक बच्चा सीखने की प्रक्रिया से जुड़े, समझे और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े। यह पहल विद्यार्थियों को 21वीं सदी की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में दिल्ली सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय, जोनल एवं जिला स्तर पर टीएलएम प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक-मेंटरों के मार्गदर्शन में नवाचारी एवं रचनात्मक टीएलएम विकसित किए। दिल्ली के प्रत्येक शैक्षणिक जिले से चयनित तीन-तीन विजेता विद्यार्थियों ने अपने मेंटर शिक्षकों के साथ, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए ‘जॉयफुल लर्निंग आधारित टीएलएम एवं शैक्षणिक प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए, जो उनकी सृजनात्मक सोच, विषयगत समझ और सीखने के प्रति उत्साह का सशक्त उदाहरण है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।





