दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: हत्या केस का फरार अभियुक्त नोएडा से गिरफ्तार

Admindelhi1
13 Feb 2026 3:54 PM IST
New Delhi: हत्या केस का फरार अभियुक्त नोएडा से गिरफ्तार
x
"पांच महीने बाद आरोपी का पर्दाफाश"

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आकर पांच महीने से फरार चल रहे आरोपित को नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान उत्तम नगर निवासी पवन तिवारी के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि आरोपित के खिलाफ वर्ष 2023 में विकासपुरी थाना में हत्या का मामला दर्ज है। 21 दिसंबर 2023 को पवन ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया था। मामले में दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन पवन को 5 जून 2025 को जमानत मिल गई। जमानत पर रिहा होने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम लगातार फरार और जमानत तोड़ने वाले आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपित के पुराने पते, जमानतदारों और जेल मुलाकातियों की जानकारी जुटाई। तकनीकी और मानवीय स्रोतों से पता चला कि आरोपित गाजियाबाद और नोएडा में छिपकर रह रहा है। इसके बाद जाल बिछाकर सेक्टर-63, नोएडा से आरोपित को दबोचा। पूछताछ में पता चला कि आरोपित ने वर्ष 2017 में इग्नू से बीकॉम की पढ़ाई की। उसके परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं, जो मूल गांव में रहते हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन तिवारी एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, सेंधमारी, आर्म्स एक्ट और हत्या सहित करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Next Story