दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: ई20 के खिलाफ AAP का अभियान तेज, 1 अगस्त को होगा नेशनल टाउन हॉल का आयाेजन

Admindelhi1
27 July 2026 2:55 PM IST
New Delhi: ई20 के खिलाफ AAP का अभियान तेज, 1 अगस्त को होगा नेशनल टाउन हॉल का आयाेजन
x
1 अगस्त को ई20 के खिलाफ देशव्यापी संवाद, AAP का नेशनल टाउन हॉल

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पार्टी एक अगस्त को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट ई20’ का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ई20 ईंधन से जुड़े मुद्दों पर विशेषज्ञों, प्रभावित वाहन मालिकों और आम लोगों को एक मंच पर लाना है।

अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयाेजित पत्रकार वार्ता में कहा कि देशभर से लोग ई20 ईंधन को लेकर शिकायतें कर रहे हैं। लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और माइलेज पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की अपील की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह युवाओं की एकजुट आवाज के बाद केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, उसी तरह ई20 के मुद्दे पर भी जनता को संगठित होकर अपनी बात रखनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार को यह मामला बड़ा बनने से पहले ही इसका समाधान करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि ‘नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट ई20’ शनिवार को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से उन्होंने सुबह 11:30 बजे तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचने की अपील की। दिल्ली से बाहर रहने वाले लोग ऑनलाइन भी कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। इसके लिए 8583212 8583212 नंबर पर व्हाट्सएप संदेश भेजना होगा, जिसके बाद शुक्रवार शाम तक ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि इस टाउन हॉल में ई20 से जुड़े विशेषज्ञ, प्रभावित वाहन मालिक और इस विषय में रुचि रखने वाले लोग अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में आगे की रणनीति भी तय की जाएगी कि सरकार पर ई20 नीति वापस लेने के लिए किस प्रकार दबाव बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नाम ई20 के खिलाफ शुरू की गई उनकी ऑनलाइन याचिका पर अब तक दो लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है। केजरीवाल ने कहा कि वह अगले सप्ताह इस याचिका को लेकर प्रधानमंत्री से भी मिलने जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रत्यक्ष या ऑनलाइन शामिल होने की अपील की।

Next Story