दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: फॉर्म-6 पर आप ने उठाए सवाल, राघव चड्ढा का फॉर्म सार्वजनिक करने की मांग

Admindelhi1
9 Sept 2026 5:24 PM IST
New Delhi: फॉर्म-6 पर आप ने उठाए सवाल, राघव चड्ढा का फॉर्म सार्वजनिक करने की मांग
x
राघव चड्ढा के फॉर्म-6 पर सियासत, आप ने सार्वजनिक करने की मांग उठाई

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आआपा) ने राघव चड्ढा के दिल्ली की मतदाता सूची में नाम जुड़ने को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि राघव चड्ढा के कथित तौर पर भरे गए फॉर्म-6 को सार्वजनिक किया जाए और यह बताया जाए कि उनका नाम मतदाता सूची में किस तारीख और किस प्रक्रिया के तहत जोड़ा गया।

आआपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चुनाव आयोग की प्रक्रिया में मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से यह बताया गया है कि राघव चड्ढा ने फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाया, लेकिन आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि फॉर्म-6 कब भरा गया और उसे किस प्रक्रिया के तहत मंजूरी दी गई।

ढांडा ने कहा कि चुनाव आयोग के अनुसार 30 जून से 17 अगस्त तक गणना प्रपत्र भरे जा सकते थे। फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के मामलों पर 31 अगस्त से 30 सितंबर तक आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। इसके बाद निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) संबंधित आवेदन पर निर्णय करता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 निर्धारित प्रक्रियाएं हैं।

आआपा नेता ने कहा कि राघव चड्ढा के मामले में फॉर्म-8 के जरिए स्थानांतरण संभव नहीं है, क्योंकि पंजाब की मतदाता सूची से दिल्ली में उनका वोट ट्रांसफर नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पंजाब के एसआईआर में चड्ढा को ‘शिफ्टेड’ के रूप में चिह्नित किया गया है। उन्होंने फॉर्म-7 का चड्ढा के मामले से संबंध होने से इनकार किया और कहा कि अब केवल फॉर्म-6 ही संभावित विकल्प बचता है।

ढांडा ने सवाल किया कि यदि राघव चड्ढा ने दिल्ली में फॉर्म-6 भरा है तो चुनाव आयोग बताए कि वह फॉर्म कब और कहां भरा गया। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा का फॉर्म-6 सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि पार्टी के पास एक से सात सितंबर के बीच राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भरे गए फॉर्म-6 की सूची है और उसमें राघव चड्ढा का नाम नहीं है।

आआपा नेता ने मतदाता सूची में राघव चड्ढा के कथित सीरियल नंबर को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चड्ढा का सीरियल नंबर किस आधार पर आया, इसकी जानकारी आयोग को देनी चाहिए।

ढांडा ने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के मामले में निर्धारित प्रक्रियाओं को दरकिनार किया गया। उन्होंने कहा कि यदि चड्ढा ने नियमों के तहत फॉर्म-6 भरा है तो आयोग को उसे सार्वजनिक कर आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर देना चाहिए।

ढांडा ने मांग की कि चुनाव आयोग राघव चड्ढा के फॉर्म-6 की तारीख, आवेदन और उस पर हुई कार्रवाई का पूरा विवरण सार्वजनिक करे तथा यह स्पष्ट करे कि उनका नाम मतदाता सूची में किस आधार पर शामिल किया गया।

Next Story