दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: छात्रों के समर्थन में AAP, कार्रवाई के विरोध में जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Admindelhi1
21 July 2026 4:03 PM IST
New Delhi: छात्रों के समर्थन में AAP, कार्रवाई के विरोध में जारी किया हेल्पलाइन नंबर
x
आम आदमी पार्टी ने छात्रों की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन शुरू की

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संसद मार्च के दौरान गिरफ्तार और घायल हुए छात्रों की सहायता के लिए मंगलवार को एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया।

अरविंद केजरीवाल ने आज पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

केजरीवाल ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बेहद बुरा व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और कई छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने दावा किया कि कई अभिभावक अपने बच्चों के बारे में जानकारी न मिलने से परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि जिन छात्रों या उनके परिजनों को कानूनी या चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता है, वे हेल्पलाइन नंबर 85-888-33548 पर मैसेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जरूरतमंद छात्रों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी और आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ वकीलों की भी मदद दिलाई जाएगी। साथ ही घायल छात्रों के लिए मेडिकल सहायता की भी व्यवस्था की जाएगी।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर छात्रों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया और कहा कि पेपर लीक रोकने की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई उचित नहीं है।

केजरीवाल ने बताया कि वह पत्रकार वार्ता के बाद राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाकर घायल छात्रों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह संबंधित पुलिस थाने जाकर प्रदर्शन से जुड़े मामलों में दर्ज एफआईआर और हिरासत में लिए गए छात्रों की सूची सार्वजनिक करने की मांग करेंगे, ताकि परिजनों को अपने बच्चों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग केवल पेपर लीक रोकने की थी और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।

Next Story