- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: भीषण आग से...
New Delhi: भीषण आग से दहला फतेह नगर, दमकल टीम ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर इलाके में मंगलवार तड़के एक मकान की पार्किंग में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में दो कारें, दो स्कूटी और ग्राउंड प्लस तीन मंजिला मकान का निचला हिस्सा आ गया। घटना के दौरान दो एलपीजी सिलेंडरों में धमाके होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सुबह करीब 3:48 बजे फतेह नगर स्थित डी-177, जेल रोड, रणबीर बेकरी के पास एक मकान की पार्किंग में आग लगने की सूचना मिली। मामले की सूचना मिलते ही दमकल की कुल नौ गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग पार्किंग में खड़े वाहनों से फैलकर मकान तक पहुंच गई। इसी दौरान घर में रखे दो एलपीजी सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेजी से फैलने लगी। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और मकान में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने करीब छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जबकि सुबह 6:35 बजे 'स्टॉप फायर' घोषित कर दिया गया। समय रहते बचाव अभियान चलाए जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग की शुरुआत पार्किंग क्षेत्र से हुई थी। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।





