दिल्ली-एनसीआर

New Delhi: मीटर बोर्ड में आग लगने से केशवपुरम में हड़कंप, लोगों ने छत पर ली शरण

Admindelhi1
29 Jun 2026 1:12 PM IST
New Delhi: मीटर बोर्ड में आग लगने से केशवपुरम में हड़कंप, लोगों ने छत पर ली शरण
x
"दिल्ली के केशवपुरम में आग की घटना, लोगों ने छत पर चढ़कर बचाई जान"

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में रविवार आधी रात बाद एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगे बिजली के मीटर बोर्ड में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सीढ़ियों में धुआं भर गया। इससे ऊपर की मंजिलों पर रहने वाले लोग बाहर नहीं निकल सके और जान बचाने के लिए छत पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने तीन लोगों को छत से सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 2:03 बजे लॉरेंस रोड स्थित बी-4/180, लाल शाही मंदिर के पास आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पांच गाड़ियों को भेजा गया। करीब 2:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। जांच में सामने आया कि ग्राउंड फ्लोर पर लगे 24 बिजली के मीटर आग की चपेट में आए थे। धुएं के कारण गौरव (28), कैरा (25) और इंदु बत्रा (55) छत पर फंस गए थे, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इमारत में ग्राउंड फ्लोर के अलावा चार ऊपरी मंजिलें बनी हुई हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में भवन निर्माण नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। जिन भवनों को सीमित मंजिलों की अनुमति थी, उनमें अतिरिक्त मंजिलें खड़ी कर दी गई हैं। इससे बिजली का लोड बढ़ने के कारण ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।

Next Story