- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- New Delhi: 60 लाख की...
New Delhi: 60 लाख की डकैती का खुलासा, सात आरोपी हिरासत में

नई दिल्ली: उत्तरी जिले के सराय रोहिल्ला थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने दिनदहाड़े 60 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 28,12,800 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और होंडा सिटी कार बरामद की है।
पुलिस ने खुलासा किया है कि शिकायतकर्ता की फर्म का एक कर्मचारी ही इस लूट का मास्टरमाइंड निकला। उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने शुक्रवार को बताया कि 7 जनवरी को सराय रोहिल्ला थाने में पीसीआर कॉल के जरिए लूट की सूचना मिली। शिकायतकर्ता संदीप स्वामी ने बताया कि वह करोल बाग स्थित मोबाइल एक्सेसरीज़ की दुकान में काम करता है और पार्टियों से नकदी लेकर ऑफिस में जमा करता है।
शिकायतकर्ता ने आगे पुलिस को बताया कि उसी दिन वह अपने सहकर्मी शिवा के साथ रोहिणी सेक्टर-8 से 60 लाख रुपये नकद लेकर टीवीएस वेगो स्कूटी से करोल बाग जा रहा था। दोपहर करीब 1:45 बजे सुभद्रा कॉलोनी स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय के सामने काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोका और पिस्तौल के बल पर 60 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार एसीपी अनिल शर्मा की देखरेख में गठित संयुक्त टीम ने रोहिणी से लेकर घटनास्थल तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 50 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी विश्लेषण के आधार पर शिकायतकर्ता के कर्मचारी शिवा पर शक गहराया। सख्ती से पूछताछ में शिवा ने कबूल किया कि उसने अपने पड़ोसी और कुख्यात अपराधियों को नकदी की सूचना दी थी। उसकी निशानदेही पर 11 जनवरी को राजीव और करण को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पता चला कि गिरोह के अन्य सदस्य दिल्ली-एनसीआर में कई मामलों में घोषित अपराधी हैं। गुप्त सूचना पर 27/28 जनवरी की रात हिंदूराव अस्पताल के पास से चार आरोपित करनैल सिंह, राहुल उर्फ छोटू पहाड़ी, रोहित उर्फ सनी उर्फ कैंची और नदीम उर्फ कल्लू को होंडा सिटी कार सहित गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों के पास से कुल 28,12,800 रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, नदीम ने वारदात के लिए पिस्टल और बाइक उपलब्ध कराई थी। लूट के बाद करनैल सिंह ने रकम सभी आरोपितों में बांटी थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह करोल बाग इलाके में दो करोड़ रुपये की एक और लूट की योजना बना रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर वारदात को विफल कर दिया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपित उत्तरी जिले के गुलाबी बाग थाने के घोषित बदमाश (बीसी) हैं और इनके खिलाफ झपटमारी, सशस्त्र लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं। कुछ आरोपियों पर मकोका के तहत भी केस दर्ज हैं।





