दिल्ली-एनसीआर

NCR Sahibabad: जमीन विवाद में मारपीट मामले में प्रधान समेत 13 पर रिपोर्ट दर्ज

Admindelhi1
17 March 2025 2:30 PM IST
NCR Sahibabad: जमीन विवाद में मारपीट मामले में प्रधान समेत 13 पर रिपोर्ट दर्ज
x
"पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ग्राम प्रधान समेत 13 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की"

साहिबाबाद: टीला मोड थाना क्षेत्र के फर्रुखनगर गांव के पास खलिहान की जमीन मामले में चल रहे विवाद के बाद दबंगों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि राइफल, सरिये और धारदार हथियारों से हमला किया गया है। मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ग्राम प्रधान समेत 13 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

फर्रूखनगर गांव निवासी अंकित त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास खलिहान की जमीन है। इस जमीन के पास में ही लगभग ढ़ाई साल पहले प्रॉपर्टी डीलर ने किसान से जमीन खरीदकर प्लाटिंग कर दी थी। उस दौरान उनके खलिहान की लगभग 200 गज जमीन पर कब्जा कर लिया था। आरोप है कि खलिहान की जमीन से रास्ता या नाला नहीं निकाला जा सकता। लेकिन वीरेंद्र त्यागी और उनके परिजनों ने उनके खलिहान की ओर गेट बना दिया था। अब नाला भी निकाल दिया। नाले को बनाने में ग्राम प्रधान योगेश गुप्ता ने सहयोग किया।

अब रविवार को वीरेंद्र त्यागी पक्ष के लोग नाले पर पटिया डालने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वीरेंद्र त्यागी पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि वीरेंद्र त्यागी पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार, सरिये और राइफल से उन पर उनके भाई अभिषेक और पिता उपेंद्र त्यागी (65) पर जानलेवा हमला किया। अंकित के अनुसार इस हमले में वह, उनका भाई अभिषेक और पिता उपेंद्र त्यागी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर वीरेंद्र त्यागी, अमरेश त्यागी, उमेश, नरेश, प्रशांत, सोनी त्यागी, रजत त्यागी, अन्नू त्यागी, लक्की त्यागी, अंकुर त्यागी, अनुज त्यागी, ग्राम प्रधान योगेश गुप्ता व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

Next Story