- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- NCR Sahibabad: एक जिम...
NCR Sahibabad: एक जिम में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया

साहिबाबाद: शालीमार गार्डन क्षेत्र के एक जिम में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से छेड़छाड़ की गई। आरोप जिम के कर्मचारी पर है। नोएडा की एक कंपनी में काम करने वाली युवती ने उसके खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
युवती ने बताया कि वह 18 मार्च को जिम में गई थीं। जिम में यह उनका पहला ही दिन था। वहां मौजूद कर्मचारी विशाल ने कहा कि आपको रजिस्टर में एंट्री करानी होगी। एंट्री के बहाने वह जिम में ही बने दफ्तर में ले गया। उसने दरवाजा बंद कर लिया और छेड़खानी की। युवती ने एफआईआर में बताया कि वह किसी तरह दरवाजा खोलकर वहां से निकलीं। उन्होंने जिम ट्रेनर व जिम मालिक को छेड़छाड़ के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि वह दो-तीन दिन पहले ही नौकरी पर लगा था। वह मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। काफी समय से क्षेत्र में ही शिव चौक इलाके में रह रहा है। बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
महिला प्रशिक्षक रखना अनिवार्य
राज्य महिला आयोग की तरफ से महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम, स्विमिंग पूल, योग सेंटर और जुम्बा सेंटर जैसी जगहों पर अब पुरुष प्रशिक्षक के साथ महिला प्रशिक्षक की नियुक्ति करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस आदेश पर कई जगह अमल किया जा रहा है। लेकिन गाजियाबाद में अभी तक इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए हैं।





