- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- NCR Noida: फ्लैट...
NCR Noida: फ्लैट रजिस्ट्री और राजस्व लक्ष्य को लेकर स्टांप विभाग सक्रिय

नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार में स्टाम्प एवं निबंधन विभाग के महानिरीक्षक समीर वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्टांप एवं पंजीकरण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आवंटियों के अनिबंधित फ्लैटों की रजिस्ट्री के अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में महानिरीक्षक निबन्धन ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना व बुलन्दशहर विकास प्राधिकरण की तरफ से उपस्थित प्रतिनिधियों से बातचीत कर आवंटियों के अनिबन्धित फ्लैटों की रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए।
वहीं स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के जनपद गौतमबुद्ध नगर एवं बुलन्दशहर के सहायक महानिरीक्षक निबन्धन तथा उप निबन्धक को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के कड़े निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त बैठक में उपस्थित अपर जिलाधिकारी (वि/रा), गौतमबुद्ध नगर को भी लंबित वसूली प्रमाण-पत्रों में अन्तर्निहित धनराशि की वसूली प्राथमिकता के आधार पर कराने को निर्देशित किया।
उन्होंने बुलन्दशहर एवं गौतमबुद्ध नगर के समस्त उप निबन्धकों को निर्देशित किया गया कि कार्यालय में उपस्थित होने वाले समस्त आमजनों को विभाग की तरफ से प्राप्त समस्त लाभ प्रदान किया जाए तथा कार्यालय के साफ-सफाई, आगंतुकों के बैठने, पीने के पानी इत्यादि जन-सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा जाए। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन निबन्धित लेखपत्रों को उसी दिन पक्षकारों को वापस किया जाए।
बैठक के अन्त में स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के समस्त अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित किया गया कि मानक से अधिक लेखपत्रों का स्थल निरीक्षण करें ताकि करापवंचन पर अंकुश लगे। इसके अतिरिक्त प्रवर्तन कार्य करते हुए, वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु आवंटित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति किया जाए।





