- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- NCR Noida: विकास...
NCR Noida: विकास योजनाओं की रफ्तार पर मंत्री ब्रजेश सिंह की नजर

नॉएडा: उत्तर प्रदेश सरकार के जनपद प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री ब्रजेश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस बैठक का उद्देश्य जनहितकारी योजनाओं को तेजी से लागू करना और उनका लाभ जनता तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना रहा।
बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण सहित जिले के सभी विभागों — कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, शिक्षा, जल जीवन मिशन, सामाजिक कल्याण, बिजली, महिला व पिछड़ा वर्ग कल्याण, आवास योजना, कौशल विकास आदि. की प्रगति रिपोर्ट पर गहन चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं और योजनाओं का लाभ पंक्ति में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी समाधान, जनप्रतिनिधियों के अनुभवों को योजनाओं में शामिल करने और स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर बल दिया। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का अक्षरश: पालन होगा और योजनाओं की गति में तेजी लाई जाएगी।
बैठक में सांसद डॉ महेश शर्मा, विधायक धीरेंद्र सिंह व तेजपाल नागर, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ल सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक जिले में विकास को नई दिशा देने और जनभागीदारी से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की दृष्टि से एक अहम कदम साबित हुई।





