दिल्ली-एनसीआर

NCR: मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में जारी किया येलो अलर्ट

Admindelhi1
26 Jun 2025 7:52 PM IST
NCR: मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में जारी किया येलो अलर्ट
x
"दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी"

नोएडा: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, 26 और 27 जून को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, 26 जून की शाम और रात के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 27 जून की सुबह भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 28 जून को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इस दिन गरज के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। ह्यूमिडिटी का स्तर 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिससे उमस बनी रह सकती है।

आईएमडी के मुताबिक, 29 जून से लेकर 2 जुलाई तक आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 30 जून को फिर से गरज के साथ बारिश की संभावना है। 1 जुलाई को 'थंडरशावर' यानी गरज के साथ बारिश और 2 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री तक बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि, बारिश के साथ-साथ उमस का स्तर भी बढ़ेगा, लेकिन अधिकतम तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Next Story