दिल्ली-एनसीआर

NCR Khoda: पुलिस ने दो घरों से लाखों की चोरी करने वाले दो चोरो को दबोचा

Admindelhi1
25 Feb 2025 3:00 PM IST
NCR Khoda: पुलिस ने दो घरों से लाखों की चोरी करने वाले दो चोरो को दबोचा
x
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा किया

खोड़ा: थानाक्षेत्र का वंदना एंक्लेव और सरस्वती विहार कॉलोनी में घरों के ताले तोड़कर लाखों के गहने चोरी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मूलरूप से हरदोई के पाली स्थित मुंडेर निवासी अभय उर्फ सोनू और अलीगढ़ के सासनी अड्डा स्थित भोजपुरा निवासी शाहरुख हैं। दोनों के पास से पुलिस ने चोरी किए कुछ गहने और करीब 10,500 रुपये भी बरामद किए हैं। सोमवार को एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा किया।

एसीपी ने बताया कि आरोपी अभय वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर 63 स्थित छिजारसी और शाहरुख चोटपुर कॉलोनी में रहते हैं। 17 फरवरी को दोनों ने वंदना एंक्लेव स्थित घर में घुसकर चोरी की थी। यहां से चोरी किए जेवरात को आरोपियों ने 20 हजार रुपये में राह चलते लोगों को बेच दिया था। इससे करीब दो महीने पहले दोनों ने सरस्वती विहार कॉलोनी में मकान के ताले तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी की थी। यहां से चुराए गहने आरोपियों ने 16 हजार रुपये में बेचे। सोमवार को पुलिस चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों को ट्रेस कर चुकी थी और उनकी तलाश में जुटी थी। आरोपियों से 10,500 रुपये की नकदी और करीब पांच लाख रुपये का चोरी किया सामान बरामद किया है। एसीपी ने बताया कि अभय के खिलाफ दो और शाहरुख पर चोरी व लूट के छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।

Next Story