दिल्ली-एनसीआर

NCR Indirapuram: ओरेंज काउंटी सोसायटी में आरडब्ल्यूए चुनाव न होने पर लोगों ने निकाली आक्रोश रैली

Admindelhi1
17 March 2025 2:28 PM IST
NCR Indirapuram: ओरेंज काउंटी सोसायटी में आरडब्ल्यूए चुनाव न होने पर लोगों ने निकाली आक्रोश रैली
x
"लोगों ने कहा कि रख-रखाव शुल्क जमा करने के बावजूद सोसायटी हित में कोई कार्य नहीं हो रहा"

इंदिरापुरम: अहिंसा खंड एक स्थित ओरेंज काउंटी सोसायटी में छह साल से चुनाव नहीं होने पर सोसायटी के निवासियों ने रविवार को आक्रोश रैली निकाली। आखिरी बार 2018 में सोसायटी के चुनाव हुए थे। इसके बाद से कोई चुनाव नहीं हुए हालांकि लोगों से लगातार रख-रखाव शुल्क वसूला जा रहा है। आक्रोश रैली निकाल रहे लोगों ने कहा कि रख-रखाव शुल्क जमा करने के बावजूद सोसायटी हित में कोई कार्य नहीं हो रहा, इसकी वजह से सभी की परेशानियां बढ़ रही हैं।

आक्रोश रैली दोपहर 12 बजे रखी गई थी, जिसमें लोग 11 बजे से ही एकजुट होने लगे थे। हाथों में बैनर पोस्टर लिए लोगों ने सोसायटी के अंदर ही आक्रोश रैली निकाली और चुनाव कराए जाने की बात कही। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि वह सब रख रखाव शुल्क के नाम पर पर करीब दो हजार रुपये तक जमा कर रहे हैं बावजूद इसके सोसायटी में कार्य नहीं कराए जा रहे। सोसायटी में फ्लैटों की दीवार का जगह-जगह से प्लास्टर गिर रहा है। खतरा बना हुआ है। सोसायटी की लिफ्ट अक्सर खराब रहती है। सोसायटी निवासी अनिल जैन ने बताया कि सोसायटी में कार्यरत दस पदाधिकारियों में से आठ पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और चुनाव कराने के लिए तैयार हैं। आक्रोश रैली में शामिल लोगों ने प्रधान ब्रिगेडियर दिलीप कपूर और कर्नल सुशील शर्मा पर चुनाव न कराए जाने का आरोप लगाया है। लोगों ने कहा कि दोनों पदाधिकारियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है जिसकी वजह से डिप्टी रजिस्ट्रार ने चुनाव पर रोक लगा रखी है। आक्रोश रैली में शामिल लोगों के आरोप पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिलीप कपूर का कहना है कि वह लोग भी सोसायटी में चुनाव कराना चाहते हैं लेकिन सोसायटी के निवासी ने भी इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है, इसके चलते चुनाव नहीं हो रहे हैं।

क्या बोले लोग: सोसायटी निवासी विनिता का कहना है कि हमें सोसायटी में दोबारा चुनाव कराने हैं। पांच साल में सरकार बदल जाती है। ये तो फिर भी आरडब्ल्यूए के चुनाव हैं। मीनू गुप्ता का कहना है कि हर महीने समय से रख-रखाव शुल्क दे रहे हैं और हमें उससे दिक्कत भी नहीं है। दिक्कत इस बात से है कि सोसायटी में किसी भी निवासी से किसी प्रकार की सलाह नहीं ली जाती है। महीने में निवासियों के साथ बैठक हो और सोसायटी में जल्द चुनाव किए जाए।

वहीं निवासी केसी गर्ग उम्र (81) ने बताया कि पिछले 15 दिनों में दो बार वो क्लब हाउस के लिफ्ट में फंस चुके हैं। लिफ्ट से कॉल कर उन्होंने मदद के लिए बुलाया तो सोसायटी का स्टाफ मदद के लिए नहीं आया। लगभग 15 मिनट कि मशक्कत के बाद सोसायटी के निवासियों ने उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला।

Next Story