- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- NCR Indirapuram: साइबर...
NCR Indirapuram: साइबर ठगों ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.28 लाख ठगे
इंदिरापुरम: अभयखंड तीन निवासी निजी कंपनी कर्मचारी पारस जोरा से विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर साइबर ठगों ने 1.28 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने उन्हें भरोसे में लेने के लिए फर्जी हवाई यात्रा का टिकट वर्क परमिट भी भेजा था। साइबर ठगी का अंदेशा होने पर निजी कर्मचारी ने कोलकाता की वीजन गाइड प्राईवेट लिमिटेड नाम कंसलटेंसी कंपनी के अधिकारी समर्थ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कराया है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पारस निजी कंपनी में कर्मचारी हैं। कुछ दिन पहले उनके पास वीजन गाइड प्रा.लि. नाम की कंसलटेंसी कंपनी के अधिकारी समर्थ का ईमेल आया था। उसमें विदेश में नौकरी दिलाने की बात लिखी गई थी। इसके बदले में उनसे 1.28 लाख रुपये की मांग रखी गई। नौकरी के झांसे में आकर उन्होंने अपने दो बैंक खातों से चार बार में रकम ठगों के बताए बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी। रुपये ऐंठने के बाद ठगों ने उन्हें टाल-मटोल करते हुए कभी फर्जी टिकट तो कभी वर्क परमिट भी भेजा, लेकिन काफी दिन तक जब जालसाज टहलाते रहे तब पारस को साइबर ठगी का अंदेशा हुआ। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।





