दिल्ली-एनसीआर

NCR Gurugram: साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ 42 लाख ठगे

Admindelhi1
15 Feb 2025 4:12 PM IST
NCR Gurugram: साइबर ठगों ने बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ 42 लाख ठगे
x
"42 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला"

गुरुग्राम: मालिबू टाउन की एक कोठी में रहने वाली 80 साल की बुजुर्ग महिला को एक माह तक डिजिटल अरेस्ट कर एक करोड़ 42 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।

साइबर ठगों ने विदेश भेजने वाले पार्सल में नशीला पदार्थ व करेंसी मिलने की बात कहकर उसके जेहन में डर पैदा कर वारदात को अंजाम दिया था। साइबर ईस्ट थाना पुलिस साइबर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। मालिबू टाउन में रहने वाली बुजुर्ग महिला ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि चार माह पहले 25 अक्तूबर को उसके पास डीएचएल कंपनी का कर्मचारी बनकर एक युवक का फोन आया था। उसने बताया कि उनका एक कोरियर विदेश जा रहा था, जिसमें ड्रग्स व करेंसी पाई गई है। महिला को उसने बताया कि मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को दे दी गई है। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उनके पास एक अन्य व्यक्ति का फोन आया। जिसने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए उसके मोबाइल में स्काई एप डाउनलोड करा लिया।

इसके बाद उसकी गतिविधि पर नजर रखते हुए धीरे-धीरे 26 नवंबर तक साइबर ठगों ने उससे एक करोड़ 42 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके लिए उसने अपनी एफडी तक तोड़ डाली। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। साइबर टीम की जांच में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने वाले विदेश में बैठे लोग शामिल है। ठगी का पैसा बाहर जा चुका है। साइबर टीम सिम कार्ड व खाता बेचने व खरीदने वालों के साथ बैंक से जुड़े लोगों को तो गिरफ्तार कर लेती है, लेकिन फर्जी अधिकारी बनकर डराने वालों को दबोचने में नाकाम साबित हो रही है। हर माह 15 ऐसे मामले दर्ज होते हैं, जिसमें डिजिटल अरेस्ट की बात सामने आ रही है। साइबर एक्सपर्ट मनोज का कहना है कि पुलिस के कानून में डिजिटल अरेस्ट की कोई मान्यता नहीं है। ऐसे में साइबर ठग केवल डर पैदा करने के लिए उसका भय दिखाते हैं। हमें जागरूक होना चाहिए।

Next Story