दिल्ली-एनसीआर

NCR Ghaziabad: साइबर ठगों ने निवेश में फायदा का झांसा देकर 18.69 लाख की धोखाधड़ी की

Admindelhi1
24 Feb 2025 1:57 PM IST
NCR Ghaziabad: साइबर ठगों ने निवेश में फायदा का झांसा देकर 18.69 लाख की धोखाधड़ी की
x
"पुलिस ने जांच शुरू की"

गाजियाबाद: निवेश के नाम पर साहिबाबाद के श्यामपार्क के नवीत राज को साइबर ठगों ने 18.69 लाख की चपत लगा दी। ठगों ने पहले 20 हजार अपने खाते में ट्रांसफर कराए। फिर विश्वास दिलाने के लिए 4700 रुपये मुनाफा बताकर नवीत के खाते में भेज दिए। इससे उनका विश्वास बढ़ गया। मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नवीत राज ने बताया कि उनके पास छह जनवरी को फोन आया था। बात करने वाले ने खुद को निवेश कंपनी का अधिकारी बताया। ठग ने कहा कि वह छह माह में ही रकम को दोगुनी तक करा देते हैं। उनके पास बाजार के विशेषज्ञ हैं, जो पैसे को बड़ी कंपनियों में लगाकर मैनेज करते हैं। उसने किसी दूसरे व्यक्ति से भी उनकी बात कराई। जिसने खुद को कंपनी का बड़ा अधिकारी बताया। ठगों ने उनको कुछ एप डाउनलोड कराए। कुछ दस्तावेज भी मंगवा लिए। शुरूआत में उनसे 20 हजार रुपये भेजने को कहा। इसके बाद उनको 4700 रुपये मुनाफा बताकर उनके खाते में भेज दिए गए। इसके बाद उनका विश्वास बढ़ गया। फिर ठगों ने उनसे 13 बार में 18.69 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। डाउनलोड किए गए एप के वॉलेट में मुनाफा तो दिख रहा था, लेकिन प्रयास के बाद भी पैसा नहीं निकल पा रहा था। बात करने पर ठगों ने कहा कि उनको टैक्स के रूप में और पैसा जमा करना पड़ेगा। लेकिन उनके पास और पैसे का इंतजाम नहीं था। जब ठगों को लगा कि और पैसा नहीं मिलेगा तो उन्होंने संपर्क तोड़ दिया। डाउनलोड कराए गए एप ने भी काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उनको ठगी का पता चला। इस बारे में एडीसीपी सच्चिदानंद ने बताया कि जिस खाते में रकम गई है, उसके जरिये आरोपियों की पहचान की जा रही है। खाते में जमा रकम के बारे में जानकारी की जाएगी।

Next Story