- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- राष्ट्रीय लोक अदालत...
राष्ट्रीय लोक अदालत बनी समाधान का मंच करोड़ों लोगों को मिली राहत

नई दिल्ली : देशभर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में करोड़ों मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया है। इस पहल के तहत 2.10 करोड़ से अधिक मामलों का समाधान किया गया, जिसमें चेक बाउंस, बैंक विवाद, मोटर दुर्घटना दावे, वैवाहिक विवाद, बिजली-पानी से जुड़े मामले और अन्य छोटे आपराधिक मामलों को आपसी सहमति से सुलझाया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत दिलाना और कम समय में विवादों का समाधान उपलब्ध कराना है। इसमें पक्षकारों की सहमति के आधार पर मामलों का निपटारा किया जाता है, जिससे अदालतों पर लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है। इस बार आयोजित लोक अदालतों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और संबंधित विभागों के सहयोग से मामलों की सुनवाई की गई। कई ऐसे विवाद भी सुलझाए गए जो लंबे समय से अदालतों में लंबित थे।





