दिल्ली-एनसीआर

Mobile चोरी गिरोह का भंडाफोड़, नोएडा पुलिस की सफलता

Ratna Netam
3 July 2026 4:39 PM IST
Mobile  चोरी गिरोह का भंडाफोड़, नोएडा पुलिस की सफलता
x

Noida नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मोबाइल चोरी की बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 49 स्मार्टफोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ नोएडा, दिल्ली और मथुरा के कई थानों में लगभग 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने एनसीआर में 200 से अधिक मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-18 स्थित एक पार्क के पास से दो आरोपियों विक्की पुत्र मुकेश और आसिफ पुत्र आशु को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान उनके पास से 49 मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के मेट्रो स्टेशनों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करते थे। आरोपी विक्की टैक्सी चलाने का काम करता है, जबकि आसिफ कपड़ों की फेरी लगाता है। दोनों अपने-अपने काम की आड़ में भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी एनसीआर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थे और कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के असली मालिकों की पहचान करने में जुटी है।साथ ही, आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एनसीआर में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story