दिल्ली-एनसीआर

पुलिस से बचने के लिये पिस्टल लेकर स्कूल घुसा बदमाश, गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 Nov 2022 3:59 PM GMT
पुलिस से बचने के लिये पिस्टल लेकर स्कूल घुसा बदमाश, गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में बेहद नाटकीय ढंग से चोर-पुलिस के खेल में एक बदमाश पिस्टल लेकर स्कूल में घुस गया। घटना के समय प्रार्थना के बाद स्कूल शुरू ही हुआ था। पिस्टल लिए बदमाश को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आरोपित ने स्कूल के गार्ड और बच्चों को पिस्टल तान दी और स्कूल के अंदर जाकर छिप गया। इस दौरान पुलिस भी वहां पहुंच गई। गार्ड और टीचर की मदद से स्कूल को खाली करवाया गया। बाद में आरोपित को स्कूल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से पिस्टल भी बरामद हो गई। पकड़े गए आरोपित की पहचान सउद उर्फ इलियास (24) के रूप में हुई है। इसके दूसरे साथी इस्माइल (27) को पुलिस ने कुछ देर पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके पास से एक स्पोर्ट्स बाइक बरामद हुई है। डीसीपी आर सत्यसुंदरम ने बताया कि मंगलवार सुबह डिस्ट्रिक्ट चेसिंग स्क्वायड की टीम सादे कपड़ों में गश्त पर थी। इस बीच कैपिटल लैट के पास पहुंचने पर उन्होंने एक बाइक पर संदिग्ध हालत में दो लड़कों को घूमते हुए देखा। बाइक पर पीछे नंबर प्लेट भी नहीं था। पुलिस कर्मियों ने दोनों को रोक लिया।
इस बीच बाइक की चाबी निकालकर पुलिसकर्मी दोनों से पूछताछ करने लगे। इस बीच आरोपित भागने लगे। पुलिसकर्मी उनके पीछे भागे तो एक बदमाश ने पिस्टल निकाल ली। गोली मारने की धमकी देकर दोनों अलग-अलग दिशा में भागे। पुलिस स्टाफ भी दोनों के पीछे भागा। एक बदमाश को हैप्पी चौक के पास दबोच लिया गया जबकि दूसरा भागने लगा। भागते हुए वह राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय, कृष्णा नगर की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। गार्ड ने जब उससे पूछताछ करनी चाही तो उसने गार्ड व बच्चों के उपर पिस्टल तान दी। बाद में आरोपित स्कूल के अंदर भाग गया। स्कूल में बदमाश के घुसने का पता चलते ही पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। फौरन थाना प्रभारी बाकी स्टाफ के साथ वहां पहुंचे। स्कूल को खाली करवाकर आरोपित की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद आरोपित को ढूंढकर काबू कर लिया गया। बाद में उसकी निशानदेही पर पिस्टल भी बरामद कर ली गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित इस्माइल और इलियास लूटपाट और झपटमारी करने वाले गैंग के बदमाश है। इनके गैंग के बाकी सदस्य जेल में बंद है। मंगलवार को यह लूटपाट के इरादे से घूम रहे थे। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।


Next Story