दिल्ली-एनसीआर

दो दिन से न्यूनतम तापमान बर्फ जमाने वाली स्थिति में, जाने दिल्ली एनसीआर में मौसम का हाल

Admin Delhi 1
18 Jan 2023 6:02 AM GMT
दो दिन से न्यूनतम तापमान बर्फ जमाने वाली स्थिति में, जाने दिल्ली एनसीआर में मौसम का हाल
x

दिल्ली एनसीआर न्यूज़: गुड़गांव में कड़ाके की ठंड इस साल रेकॉर्ड बना रही है। शहर के कई हिस्सों में दो दिन से न्यूनतम तापमान बर्फ जमाने वाली स्थिति में पहुंच गया है। मौसम विभाग की तरफ से बुधवार को गंभीर शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि उत्तर पश्चिमी शीत हवाओं के चलने से गुड़गांव समेत राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। पिछले चार दिनों से तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। जिससे दक्षिण क्षेत्र के जिलों में पाला भी पड़ा है।

उन्होंने बताया कि 18 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने तथा उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने रहने की संभावना है। जिससे रात्रि तापमान में और गिरावट हो सकती है। इस दौरान उत्तर पश्चिमी तथा दक्षिण क्षेत्र के हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुड़गांव, मेवात आदि जिलों में कहीं कहीं पाला पड़ने की संभावना बनी हुई है। हालांकि यहां धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा उत्तर पश्चिमी से पुरवाई होने तथा आंशिक बादलवाई की संभावना है। जिसकी वजह से रात्रि तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।

ग्रेटर नोएडा: शीतलहर और कोहरा के आसार

धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगे के दिनों में तापमान में तो गिरावट दर्ज नहीं होगी, लेकिन शीतलहर और घना कोहरा जरूर देखने को मिलेगा। बुधवार को तेज हवाएं और उससे आगे के दिनों में कोहरे के आसार हैं। विभाग के अनुसार, 23 जनवरी से बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। बारिश होती है तो ठंड एक बार फिर से बढ़ सकती है।

फरीदाबाद: सुबह-शाम ठंड कर रही परेशान

फिलहाल शीतलहर का असर बना हुआ है। इसके चलते सुबह, शाम और रात के समय ठंड लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि दिन में तेज धूप निकलने के चलते लोगों को ठंड से राहत मिली रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से रोजाना तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में दो-दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 12 व अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Next Story