दिल्ली-एनसीआर

Shooting में मंजू सिंह कुशवाहा का दबदबा, चौथी बार गोल्ड अपने नाम किया

Ratna Netam
30 Jun 2026 8:39 PM IST
Shooting में मंजू सिंह कुशवाहा का दबदबा, चौथी बार गोल्ड अपने नाम किया
x

Noida नोएडा : निशानेबाज मंजू सिंह कुशवाहा ने एक बार फिर अपनी सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत लिया है। यह प्रतियोगिता दिल्ली के करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 जून से 30 जून तक आयोजित की गई थी।मंजू सिंह कुशवाहा ने 10 मीटर एयर राइफल वूमेन कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि वह इस प्रतियोगिता में लगातार चौथी बार गोल्ड मेडल जीतने में सफल रही हैं, जिससे उनकी निरंतरता और उत्कृष्ट प्रदर्शन का अंदाजा लगाया जा सकता है।

इस प्रतियोगिता में एयर गन, स्मॉल बोर गन और शॉटगन जैसी विभिन्न कैटेगरी में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच मंजू सिंह ने बेहतरीन फोकस और नियंत्रण दिखाते हुए अपने वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।उनके इस प्रदर्शन से खेल जगत में खुशी की लहर है। नोएडा के खेल प्रेमियों और शूटिंग से जुड़े लोगों ने उनकी उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के लगातार प्रदर्शन से न केवल खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलती है।

मंजू सिंह कुशवाहा के परिवार में भी खेल का माहौल रहा है। उनके पति उमेश सिंह कुशवाहा भी एक अनुभवी शूटर हैं और उन्होंने भी कई प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं। दोनों की उपलब्धियों को क्षेत्र में शूटिंग खेल के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मंजू इसी तरह प्रदर्शन जारी रखती हैं तो वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

Next Story