- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- मनीष सिसोदिया का भाजपा...
मनीष सिसोदिया का भाजपा पर आरोप: राजनीति के कारण नहीं हो पाते काम, राजेंद्र नगर में आप को दे मौका

दिल्ली न्यूज़: राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ओल्ड राजेन्द्र नगर में वहां की जनता के साथ संवाद किया और जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार राजेन्द्र नगर की जनता अपने वोट का इस्तेमाल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली के विकास की गति को बढ़ाने के लिए करे। उन्होंने कहा कि 23 जून को राजेन्द्र नगर कि जनता दुर्गेश पाठक के रूप में एक ईमानदार, सच्चे नेता को चुनें। उन्होने कहा कि आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में शानकदार काम हुए हैं। अरविंद केजरीवाल के इसी काम को राजेन्द्र नगर में गति देने के लिए जनता अपने वोट की ताकत का इस्तेमाल एक बार फिर से करे। भाजपा पर हमला करते हुए उन्होने कहा कि आठ विधानसभाओं में जहां भाजपा विधायक हैं, उन सभी विधानसभाओं में भाजपा की गन्दी राजनीति के कारण जनहित के कोई काम नहीं हो पाते हैं, क्योंकि उनकी राजनीति काम करने की नहीं काम रोकने की है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि इसलिए जब भी हम वहां सड़क बनाने जाते है, पानी की पाइपलाइन बिछवाने जाते हैं, सीसीटीवी कैमरा लगाने जाते हैं तो भाजपा के विधायक अडंगा लगाने आ जाते हैं, क्योंकि भाजपा वाले अरविंद केजरीवाल के काम की राजनीति से खौफ खाने लगे हैं, क्योंकि वहां काम होगा तो लोग अरविंद केजरीवाल के मुरीद हो जाएंगे। इससे पहले आज दुर्गेश पाठक ने राजीव गांधी कैंप, धोबी घाट, कृषि कुंज सहित कई इलाकों में पदयात्रा कर प्रचार किया।





