दिल्ली-एनसीआर

दिल्ली में पानी के पुराने बिलों पर बड़ी राहत, 5.66 लाख उपभोक्ताओं को मिली 3,618 करोड़ की छूट

Admindelhi1
25 Nov 2026 1:07 PM IST
दिल्ली में पानी के पुराने बिलों पर बड़ी राहत, 5.66 लाख उपभोक्ताओं को मिली 3,618 करोड़ की छूट
x
पानी के बिल पर लेट पेमेंट सरचार्ज माफ, दिल्ली में लाखों लोगों ने उठाया योजना का लाभ

नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड की लेट पेमेंट सरचार्ज छूट (एलपीएससी) योजना के तहत 5.66 लाख से अधिक घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। योजना के तहत अब तक उपभोक्ताओं को कुल 3,618.73 करोड़ रुपये की सरचार्ज छूट दी गई है। वहीं, पुराने पानी के बिलों के मूलधन के रूप में जल बोर्ड को 1,076.15 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

योजना के आंकड़ों के अनुसार, 13,39,018 पात्र घरेलू उपभोक्ताओं में से 5,48,074 ने इसका लाभ उठाया है। इस श्रेणी में करीब 41 प्रतिशत भागीदारी दर्ज की गई। घरेलू उपभोक्ताओं को 1,886.89 करोड़ रुपये की छूट मिली, जबकि 854.54 करोड़ रुपये का मूलधन जमा हुआ।

वहीं, व्यावसायिक श्रेणी के 70,312 पात्र उपभोक्ताओं में से 18,275 ने योजना का लाभ लिया। इन्हें 1,731.84 करोड़ रुपये की सरचार्ज छूट दी गई और 221.61 करोड़ रुपये का मूलधन प्राप्त हुआ।

दिल्ली के जल मंत्री एवं दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि उपभोक्ता स्वेच्छा से पुराने बकाया बिलों का भुगतान कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य लोगों को राहत देते हुए लंबित देनदारियों का निपटारा आसान बनाना है।

मंत्री ने बताया कि पात्र उपभोक्ताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया भी जारी है। जल बोर्ड को प्राप्त मूलधन से जलापूर्ति, सीवर नेटवर्क और अन्य जनसुविधाओं में सुधार के प्रयासों को गति मिलेगी।

Next Story