दिल्ली-एनसीआर

मुस्कान हत्याकांड में बड़ा एक्शन इमरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

nidhi
28 Aug 2026 10:43 AM IST
मुस्कान हत्याकांड में बड़ा एक्शन इमरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
x
दिल्ली में मुस्कान केस का आरोपी इमरान

नई दिल्ली : दिल्ली के तिलक नगर इलाके में हुए मुस्कान हत्याकांड के आरोपी इमरान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, देर रात हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

21 वर्षीय छात्रा और पार्ट टाइम मॉडल मुस्कान की हत्या के बाद से आरोपी इमरान फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार पश्चिमी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस और आरोपी के बीच हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ हुई। दावा है कि इमरान ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ के बाद आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या की वजह, वारदात की पूरी कहानी और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घर में घुसकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, मुस्कान की हत्या तिलक नगर स्थित उसके घर में की गई थी। आरोप है कि आरोपी इमरान ने चाकू से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की थी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसकी तलाश तेज की गई।
रिश्तों और विवाद के एंगल से जांच
शुरुआती जांच में पुलिस कई पहलुओं को खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच रिश्ते को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि हत्या की असली वजह पुलिस पूछताछ और जांच के बाद स्पष्ट करेगी।
अब आगे की जांच जारी
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मामले में कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। इमरान से पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल हथियार, घटना के समय की गतिविधियों और अन्य संभावित सबूतों की जानकारी जुटाई जाएगी। मुस्कान हत्याकांड ने राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मामले की जांच को जल्द पूरा करने में जुटी है।

Next Story