दिल्ली-एनसीआर

एनसीआर नोएडा में शुरू हुई त्यागी समाज की महापंचायत, त्यागी समाज के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होने देंगे

Admin Delhi 1
21 Aug 2022 8:23 AM GMT
एनसीआर नोएडा में शुरू हुई त्यागी समाज की महापंचायत, त्यागी समाज के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होने देंगे
x

एनसीआर नॉएडा न्यूज़: श्रीकांत त्यागी के समर्थन में आयोजित महापंचायत में रविवार को त्यागी समाज के वक्ताओं ने जमकर भड़ास निकाली। वक्ताओं ने कहा कि वे त्यागी समाज के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होने देंगे। इसके लिए वे हर संघर्ष को तैयार हैं। भंगेल में महर्षि आश्रम के गेट नं.-7 के सामने स्थित रामलीला ग्राउंड में हजारों की तादाद में त्यागी समाज के लोग जुटे। इस दौरान समाज के कई नेता भी मौजूद थे। महापंचायत की अध्यक्षता भंगेल के मूल निवासी ब्रह्म प्रकाश त्यागी ने की। संचालन की कमान देवेन्द्र त्यागी ने संभाली। महापंचायत में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी और मनोज चौधरी भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। महापंचायत में मुख्य वक्ताओं के संबोधन के पूर्व उन 6 युवकों को सम्मानित किया गया, जिन्हें ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में हंगामा व बवाल करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। हालांकि बाद में उन सभी की जमानत हो गयी थी। सम्मानित होने वाले युवकों में प्रिंस त्यागी, नितिन त्यागी, लोकेन्द्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित और चर्चिल राणा महापंचायत में मौजूद थे। महापंचायत में भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद था, जो चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए थे। महापंचायत में त्यागी समाज की सैकड़ों महिलाएं भी मौजूद थीं।

वक्ताओं ने श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी, उनके बच्चों व परिजनों के साथ पुलिस द्वारा की गई ज्यादती तथा उत्पीड़न के खिलाफ भी आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना था कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


भीषण गर्मी के बावजूद उमड़ी भारी भीड़: चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह 8:00 बजे से ही लोगों के पहुंचने का तांता लग गया था। आगरा, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जैसे दूरस्थ जिलों से शनिवार की रात ही लोग पहुंचने लगे थे। भीषण गर्मी के चलते लोग परेशान हैं। पीने के लिए पानी का इंतजाम किया गया है। आयोजन पूरी तरह ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं ने किया है। जिसके चलते सुविधाएं बेहद कम हैं। कूलर और पंखे सीमित संख्या में लगाए गए हैं। टेंट और कुर्सियां कम संख्या में हैं। लिहाजा, लोग जमीन पर ही बैठकर पंचायत में हिस्सा ले रहे हैं।

महापंचायत में 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना: इस महापंचायत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से त्यागी समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। शुरुआत में अंदाजा लगाया गया था कि करीब 20,000 लोग पंचायत का हिस्सा बनेंगे। जिस तरह शनिवार रात और रविवार सुबह से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ है, उससे भीड़ बढ़ती चली गई। अब अंदाजा लगाया जा रहा है कि करीब 50,000 लोग इस महापंचायत में हिस्सा लेंगे। महापंचायत शुरू हुए एक घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है, लेकिन अभी भी आने वाले लोगों का सिलसिला जारी है। महापंचायत की अध्यक्षता भंगेल के ब्रह्म प्रकाश त्यागी कर रहे हैं। संचालन देवेंद्र त्यागी प्रधान को सौंपा गया है। महापंचायत को मुख्य रूप से संदीप त्यागी बाबूजी, अमरीश त्यागी, राकेश त्यागी, संजीव त्यागी, सुधीर त्यागी, राजकुमार त्यागी और मांगेराम त्यागी ने अभी तक संबोधित किया है।


डॉ.महेश शर्मा ने सुरक्षा की मांग करते हुए मांगी मदद: महापंचायत में आने वाले लोगों से गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा ने खतरा बताया है। डॉ.महेश शर्मा ने जिले के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह को पत्र लिखते हुए कड़ी सुरक्षा की मांग करते हुए मदद मांगी है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह को पत्र लिखते हुए डॉक्टर ने कहा है कि महापंचायत में आने वाले कुछ लोगों द्वारा मेरे कैलाश अस्पताल को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इसलिए मेरे सभी अस्पतालों और मेरे घर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

डॉ.महेश शर्मा ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र: सांसद डॉ.महेश शर्मा ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखते हुए कहा, "मैं गौतमबुद्ध नगर का सांसद और कैलाश अस्पताल समूह का संस्थापक भी हूं। मुझे संदेह है कि कहीं कोई हिंसात्मक गतिविधियां इस धरना प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों द्वारा हमारे अस्पतालों को नुकसान पहुंचाने के लिए की जा सकती है। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन से अपेक्षा है कि हमारे सभी अस्पतालों और मेरे घर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।" आपको बता दें कि नोएडा के भंगेल में स्थित रामलीला मैदान में त्यागी समाज की महापंचायत हो रही है। सांसद डॉ.महेश शर्मा के इस पत्र के मुताबिक उन्होंने त्यागी समाज की महापंचायत में आने वाले लोगों से खतरा और नुकसान होने की संभावना जाहिर की है।

Next Story