दिल्ली-एनसीआर

हिन्दूराव अस्पताल में ई-संजिवनी सेवा का उपराज्यपाल ने किया शुभारंभ, मरीजों को घर बैठे मिलेगा इलाज

Admin Delhi 1
7 Jun 2022 12:29 PM IST
हिन्दूराव अस्पताल में ई-संजिवनी सेवा का उपराज्यपाल ने किया शुभारंभ, मरीजों को घर बैठे मिलेगा इलाज
x

दिल्ली न्यूज़ लेटेस्ट: उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को दिल्ली नगर निगम के हिंदुराव अस्पताल में ई-संजीवनी सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती, उपराज्यपाल की सचिव अंकिता मिश्रा उपस्थित थी। इस मौके पर उपराज्यपाल ने कहा कि जब कोरोना महामारी से हमारा देश घिरा हुआ था तब हिन्दुराव अस्पताल ने नागरिकों के लिए सराहनीय कार्य किया था। ये हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता को दर्शाता है कि एक मरीज घर बैठकर डॉक्टर से परामर्श ले सकता है।

उन्होंने बताया कि निगम के अस्पतालों और विद्यालयों को ज्यादा से ज़्यादा फंड उपलब्ध हो इसके पूरे प्रयास किए जाएंगे ताकि इन्हें विश्व स्तरीय बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यह एक संजीवनी सेवा एक मील का पत्थर साबित होगी। मुख्य सचिव नरेश कुमार ने बताया कि ई-संजीवनी एक मूक क्रांति हैं, जिससे एक बहुत बड़ा बदलाव आएगा। ई-संजीवनी सेवा एक संजीवनी के रूप में उभर कर आ रही है। अभी तक देश में 3.50 करोड़ नागरिक ई-संजीवनी सेवा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं और लगभग दो लाख नागरिक प्रतिदिन इस सेवा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तत्काल परामर्श के लिए ई संजीवनी सेवा बहुत ही लाभदायक है।

विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय टेलीकंसल्टेशन सेवाओं की एक परियोजना है। दिल्ली नगर निगम देश का पहला निगम है जो चौबीसों घंटे ई-संजीवनी ओपीडी सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा संजीवनी ओपीडी नामक ऐप के माध्यम से मरीज और डॉक्टर के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रदान करती है, यह सेवा गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह ई-संजीवनी सेवा डॉक्टरों के लिए रोगी के व्यापक डिजिटल डेटा तक पहुंच, त्वरित और समय पर अनुवर्ती कार्रवाई करने, रोगी प्रबंधन में सुधार के लिए फायदेमंद होगी।

निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती ने कहा कि हिंदूराव अस्पताल 980 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल है। यह 1911 में 16 बिस्तरों वाले छोटे नर्सिंग होम से अपने वतज़्मान स्वरूप में विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि ई-संजिवनी सुविधा के माध्यम से रोगी घर बैठे चिकित्सा सलाह प्राप्त करने में सक्षम होंगे। मरीजों को विशेष स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध होगी, बिना रेफरल के विशेषज्ञ चिकित्सा सलाह मिलेगी। इस ई-संजीवनी सेवा से मरीजों को बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। यह सेवा लंबी बीमारी से ग्रस्त रोगियों और पेंशनभोगियों के लिए भी फायदेमंद होगी। यह सेवा सुलभ स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देगी।

Next Story