- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Loni: इको-फ्रेंडली AC...
Loni: इको-फ्रेंडली AC ई-बस ने शुरू किया लोनी-शाहदरा रूट

लोनी: दो नंबर लोनी से शाहदरा तक एसी ई-बस का करीब 15 वर्ष बाद फिर से संचालन शुरू हो गया है। मंगलवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने नारियल फोड़कर इसका शुभारंभ किया। इस मार्ग पर प्रतिदिन पांच बस चलेंगी। इससे दिल्ली से लोनी जाने वाले सैकड़ों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। ई-बस का उद्घाटन करने के साथ ही विधायक ने शकलपुर गांव में हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
विधायक ने बताया कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए लोनी के इंदिरापुरी 2 नंबर से दिल्ली के शाहदरा टर्मिनल तक इलेक्ट्रिक बस सेवा की औपचारिक शुरूआत की गई। उन्होंने बस चालकों और परिचालकों को लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दी। इस दौरान विधायक नन्दकिशोर गुर्जर ने दिल्ली मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त किया। लोनी क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन दिल्ली आते-जाते हैं, लेकिन उन्हें सुगम और प्रदूषण रहित परिवहन सेवा की कमी खलती थी।
पूर्व में इस रूट पर बसें चलती थी लेकिन केजरीवाल सरकार ने इसे बंद कर दिया था। यह ऐतिहासिक फैसला है। वहीं दूसरी तरफ विधायक ने ग्राम शकलपुरा में 13 लाख से अधिक की लागत से खंड विकास निधि से निर्मित होने वाली सड़क निर्माण का शुभारंभ किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख वंदना कोमल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं स्थानीय लोकप्रिय विधायक की मंशा के अनुरूप ब्लॉक देहात के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। इस मौके पर रोहित भारद्वाज, सभासद, विनीता सिंह, सतीश पांचाल, भावना बिष्ट, राजीव पहिवाल, परवीन शर्मा, वरुण धामा, मोहित सैन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





