- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- बारिश के चलते रद्द हुआ...

DELHI दिल्ली: प्रीमियर लीग 2025 (डीपीएल) का 37वां मुकाबला वेस्ट दिल्ली लायंस और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के चलते मैच रद्द कर दिया गया। दोनों टीमों के अंक तालिका में अहम मौके पर यह मुकाबला बेनतीजा रहा। वेस्ट दिल्ली लायंस ने अब तक 10 मुकाबले खेले हैं, जिनमें चार में जीत दर्ज कर तीसरे पायदान पर काबिज है। टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत दो जीत से की थी, लेकिन इसके बाद लगातार तीन मैच हारी। छठे और सातवें मुकाबले में जीत हासिल कर टीम ने वापसी की, हालांकि इसके बाद लगातार तीन मुकाबले बारिश से प्रभावित होकर रद्द हो गए।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स का प्रदर्शन फीका रहा है। टीम ने अब तक 10 मैचों में सिर्फ दो में जीत दर्ज की है और अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। वॉरियर्स ने सीजन का पहला मुकाबला 40 रन से गंवाया, लेकिन अगला मैच 82 रन से जीतकर आत्मविश्वास बटोरने की कोशिश की। इसके बाद टीम को लगातार हार झेलनी पड़ी। पांचवां मैच बारिश से रद्द हुआ, फिर दो और हार टीम को मिली। पिछले तीन मुकाबलों में वॉरियर्स ने एक जीत और एक हार दर्ज की, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। बारिश का असर इससे पहले भी देखने को मिला था। मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबला भी पूरा नहीं हो पाया। उस मैच में 12 ओवर का खेल हुआ था, जिसमें साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने 2 विकेट पर 109 रन बनाए थे। अंकुर कौशिक ने 41 और अनमोल शर्मा ने 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अभी तक ईस्ट दिल्ली राइडर्स और सेंट्रल दिल्ली किंग्स अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। वहीं, वेस्ट दिल्ली लायंस और आउटर दिल्ली वॉरियर्स की किस्मत अब शेष बचे मुकाबलों के नतीजों पर निर्भर करेगी।





