दिल्ली-एनसीआर

जारी रहेगा उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश का दौर, इस महीने के अंत में होगी विदाई

SANTOSI TANDI
23 Sep 2023 10:10 AM GMT
जारी रहेगा उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की बारिश का दौर, इस महीने के अंत में होगी विदाई
x
इस महीने के अंत में होगी विदाई
नई दिल्ली :मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून दस दिन की देरी से वापसी करेगा। आम तौर भी यही देखा जाता है कि मानसून अपने तय समय से एक सप्ताह बाद ही वापसी लेता है। अगले पांच दिनों के दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित उत्तर-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य भारत में धीमी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
25 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। मौसम का कहना है कि शनिवार (23 सितंबर) को भी बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है। जबकि, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग ने महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि आमतौर से राजस्थान से 17 सितंबर के आसपास मानसून का वापसी शुरू होती है। इसमें हफ्ते भर आगे पीछे होने की संभावना होती है। इस बार भी इसमें कुछ ठहराव देखने को मिल रहा है। जिससे लगता है कि मानसून करीब हफ्ते दस दिन और ठहर गया है।
इस महीने के आखिरी हफ्ते में इसकी वापसी के लिए परिस्थितियां बन रही हैं। अभी इसकी वापसी की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से करीब 25 सितंबर को मानसून की वापसी शुरू होती है, लेकिन फिलहाल यह तब राजस्थान से लौटना शुरू कर सकता है और दिल्ली से अक्टूबर के पहले सप्ताह में वापसी की परिस्थितियाँ बन सकती हैं।
मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, गुना, सतना, अंबिकापुर से होकर गुजर रहा है। एक गर्त (ट्रफ) रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पश्चिमी राजस्थान होते हुए पंजाब तक फैली हुई है। इन मौसमी हालातों में उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, ओडिशा, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
दक्षिण पश्चिम राजस्थान, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, केरल, कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हुई। विभाग ने उम्मीद जताई है कि शनिवार को पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश संभव है।
पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, समूह और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। कर्नाटक और सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश हो सकती है।
Next Story