दिल्ली-एनसीआर

भ्रष्टाचार-वंशवाद और तुष्टीकरण भारत छोड़ो : पीएम

Shreya
10 Aug 2023 6:01 AM GMT
भ्रष्टाचार-वंशवाद और तुष्टीकरण भारत छोड़ो : पीएम
x

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ में भाग लेने वाले लोगों को बुधवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए इस आंदोलन को याद करते हुए कहा कि भारत अब भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टीकरण के खिलाफ एक स्वर में बोल रहा है। मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष रूप से ऐसे समय में निशाना साधा है, जब सत्तारूढ़ भाजपा ने बुधवार को इसी तर्ज पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया। ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ दिवस पर उन्होंने कहा कि देश के विकास में कुछ बुराइयां रुकावट बन रही हैं। इसलिए आज भारत एक स्वर में कह रहा है कि भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो और तुष्टिकरण भारत छोड़ो। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नौ अगस्त की तारीख भारत के सबसे बड़े आंदोलनों की साक्षी रही है। नौ अगस्त को ही महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था।

बापू ने अंग्रजों को भारत छोडऩे के लिए कह दिया था। इसके बाद देश में जागरण का माहौल बन गया। आखिरकार अंग्रेजों को भारत छोडऩा पड़ा। मोदी ने ट्वीट किया कि भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधी जी के नेतृत्व में, इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज भारत एक स्वर में कह रहा है…भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। वंशवाद भारत छोड़ो। तुष्टीकरण भारत छोड़ो। पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का बार-बार आरोप लगाया है। पिछले दिनों एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत के दिन को ऐतिहासिक करार दिया था ।

लोकतंत्र बचाना है, तो इन बुराइयों को छोडऩा पड़ेगा देश

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण के भारत छोडऩे का आह्लान किया है। अगर देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इन बुराइयों को देश छोडऩा पड़ेगा।

Next Story