दिल्ली-एनसीआर

Khoda: पुराने विवाद में युवक पर चाकू व चापड़ से हमला

Admindelhi1
25 May 2025 10:51 AM IST
Khoda: पुराने विवाद में युवक पर चाकू व चापड़ से हमला
x
दोनों भाई गंभीर रूप से घायल

खोड़ा: थानाक्षेत्र के लोकप्रिय विहार निवासी जुनैद और उनके भाई जावेद पर एक माह पुराने विवाद में समझौता न करने पर उन्हीं के पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। झगड़े में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल जावेद की तहरीर पर उनके पड़ोसी साहिल, उसके पिता शौकीन, चाचा इंतजार और दादा अब्बास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। विवाद मई माह में दोनों पक्षों के बीच हुए झगड़े में समझौता न करने पर हुआ था।

दर्ज मुकदमे में जावेद ने बताया कि दो अप्रैल को उनके भाई जुनैद से पड़ोसी साहिल ने किसी बात को लेकर गाली-गलौज व हाथापाई की थी। मामले में उनके भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने चार अप्रैल को मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने उनपर समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया। ऐसा न करने पर मारने की धमकी दे डाली। आरोप है कि 23 मई को जुनैद घर से काम पर जाने के लिए निकला था। रास्ते में आरोपी साहिल, उसके पिता, शौकीन, चाचा इंतजार और दादा अब्बास व दो महिलाओं ने उसे रोका और चाकू, चापड़, तलवार व लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर वह खुद और उनकी मां कमरजहां बाहर निकले। बताया कि हमले में जुनैद के हाथ में गंभीर चोट आई है।

वहीं उनके सिर में धारदार हथियार लगने से आठ टांके आए हैं। उनके भाई को गंभीर हालत के चलते दिल्ली स्थित अस्पताल में रेफर किया गया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में दो अज्ञात महिलाओं और तीन नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी साहिब और शौकीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने पूछताछ में पुराने मामले का समझौता न करने पर हमला करने की बात स्वीकार की है। बताया कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story