- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Kaushambi: महिला ने...
Kaushambi: महिला ने उत्पीड़न से तंग आकर छोड़ी नौकरी

कौशांबी: वैशाली स्थित एनाफिन एडवाईजर कंपनी के अधिकारी पंकज जायसवाल के खिलाफ कंपनी की पूर्व महिलाकर्मी ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कंपनी से नौकरी छोड़ने के करीब पांच महीने पहले तक उनका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया। साथ ही जब उन्होंने अपने पीएफ व ग्रेच्युटी की रकम का भुगतान करने को कहा तब अधिकारी ने सार्वजनिक तौर पर उनके बारे में अफवाहें फैला दीं। यहां तक कि उनके नए कार्यस्थल पर पुलिस तक भेज दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली निवासी युवती ने दर्ज मुकदमे में पुलिस को बताया कि उन्होंने एनाफिन एडवाईजर कंपनी में 28 दिसंबर 2018 से 24 अप्रैल 2025 तक नौकरी की थी। बताया कि कंपनी अधिकारी पंकज जायसवाल आए दिन उनसे गाली-गलौज करते थे। उनका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने अपने पीएफ, ईएसआई और ग्रेच्युटी के रुपयों की मांग की तब अधिकारी ने उनका नंबर और व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया।
इतना ही नहीं विरोध करने पर उन्हें धमकी भी दी। आरोप यह भी है कि आरोपी अधिकारी ने उनके नए कार्यस्थल पर पुलिस को भेजकर झूठी अफवाह फैलाई। उन्होंने डीसीपी से मामले की शिकायत की। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





