- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- संयुक्त विशेष स्वच्छता...
संयुक्त विशेष स्वच्छता अभियान का हुआ शुभारंभ, मिशन मोड में काम करेंगेे सभी निकाय और विभाग: उपराज्यपाल

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली शहर में सफाई एवं स्वच्छता की जरूरत को दोहराते हुए और इस दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को एक विशेष संयुक्त स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। सक्सेना दिल्ली में पदभार संभालने के बाद से ही स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष जोर देते रहें हैं। उपराज्यपाल ने इस समारोह की शुरूआत उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर से की। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सांसद मनोज तिवारी, मुख्य सचिव और नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जो कि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, कुछ कारणवश उपस्थित नहीं हो पाए। यह कार्यक्रम दिल्ली नगर निगम के सभी जोनों में आम लोगों, स्थानीय विधायकों और क्षेत्र के सांसदों की सक्रिय भागीदारी से शुरू हुआ और आगे चलाया जाएगा।
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि एक पखवाड़े तक चलने वाला यह स्वच्छता अभियान अपने आप में एक पहला प्रयास होगा जिसमें सभी संबंधित एजेंसियां,स्थानीय निकाय एवं विभाग पहली बार मिलकर मिशन मोड में काम करेंगे। इस स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों, फुटपाथ, गली, पार्क और आसपड़ोस में अरसे से जमा हुए कचरे, सीएंडडी अपशिष्ट, और प्लास्टिक को पूर्ण रूप से हटाना है। उपराज्यपाल ने कहा कि सफाई कर्र्मचारी महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं। ये सफाई कर्मचारी ही हैं जो किसी भी शहर को स्वच्छ, साफ, स्वस्थ, रहने योग्य एवं उच्चस्तरीय स्थान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनका यही कार्य उन्हें श्रेष्ठ बनाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह अभिभावक के रूप में सफाई कर्मचारियों को सशक्त करने तथा कार्य करने योग्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। सक्सेना ने इस महत्वपूर्ण कार्य में उनसे आगे बढ़कर आने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता उस चंदन के समान है, जिसे दूसरों के मस्तक पर लगाने से अपनी उंगलियां स्वयं महक उठती है।
सक्सेना ने कहा कि खेद व्यक्त किया कि भारत की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, जो अपनी गंदगी, प्रदूषण, सीवर लाइन ओवरफ्लो और एक मृतप्राय यमुना के लिए जानी जाती है, और कहा कि हमें जल्द ही दिल्ली को अंतर्राष्ट्रीय राजधानियों के बीच अपने गौरव स्थान को पुन: प्राप्त कराना चाहिए। उपराज्यपाल ने दोहराया कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा और शहर को अपना समझकर इसके विकास में मदद करनी होगी, ताकि सभी इस शहर के बाशिंदे होने पर गव कर सकें। इस अवसर पर उत्तर-पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार, दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, ज्ञानेश भारती व निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निगम अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान में एमसीडी, नई दिल्ली नगर परिषद, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली छावनी बोर्ड, और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शामिल हैं और जनता को शामिल करते हुए इसे 'जन अभियान' के रूप में आयोजित किया जाएगा।





