- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Gautam Buddha नगर में...
Gautam Buddha नगर में हाथी दांत तस्करी का खुलासा, पुलिस ने की गिरफ्तारी

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित हाथी दांत की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित हाथी दांत बरामद किया है।थाना बिसरख प्रभारी निरीक्षक के अनुसार यह कार्रवाई 5 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास से दो आरोपियों राजेन्द्र और संदीप को दबोचा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 1450 ग्राम वजन का एक हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद मौके पर ही दोनों को हिरासत में ले लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र पुत्र चन्द्रपाल, निवासी ग्राम रिवाड़ा, थाना जहांगीराबाद (बुलंदशहर), वर्तमान निवासी ग्राम भराई, थाना बहादुरगढ़ (हरियाणा) तथा संदीप पुत्र हरीमंगल, निवासी ग्राम मुडियार, थाना रुधौली (बस्ती), वर्तमान निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना बिसरख में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस और वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह हाथी दांत कहां से लाया गया और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जिसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है। फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।





