- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- ISKCON में उत्साह के...

Noida नोएडा : सेक्टर-33 स्थित भक्तिवेदांत एकेडमी, इस्कॉन नोएडा का छठा दीक्षांत समारोह श्रद्धा और उत्साह के माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एक वर्षीय भक्ति शास्त्री कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 40 विद्यार्थियों को भक्ति शास्त्री की डिग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह एकेडमी इस्कॉन के संस्थापकाचार्य Srila Prabhupada की प्रेरणा के अनुसार व्यवस्थित आध्यात्मिक शिक्षा देने के उद्देश्य से स्थापित की गई थी। वर्ष 2003 में परम पूज्य Loknath Swami महाराज के संरक्षण में इसकी शुरुआत हुई थी। एकेडमी में प्रत्येक वर्ष विभिन्न आध्यात्मिक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जिनमें भक्ति शास्त्री कोर्स प्रमुख है।
इस कोर्स के अंतर्गत श्रीमद्भगवद्गीता सहित अनेक वैदिक ग्रंथों का गहन अध्ययन कराया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को शास्त्रों की गहरी समझ प्राप्त हो सके। संस्था के अनुसार, अब तक भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, नेपाल, म्यांमार, मॉरीशस, सऊदी अरब, कोलंबिया और पाकिस्तान सहित कई देशों के 350 से अधिक विद्यार्थी इस कोर्स से भक्ति शास्त्री की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं।
दीक्षांत समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर इस्कॉन शिक्षा मंत्रालय के सदस्य एवं इस्कॉन बोर्ड ऑफ एग्जाम के चेयरमैन अतुल कृष्ण प्रभुजी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में शास्त्र अध्ययन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में शांति, सदाचार और आध्यात्मिक उन्नति के लिए शास्त्रों का अध्ययन आवश्यक है।
कार्यक्रम में इस्कॉन नोएडा के मंदिर सह-अध्यक्ष वंशीधर दास, सह-अध्यक्ष वेदान्त चैतन्य दास, टेंपल कमांडर राधाकुण्ड दास और भक्तिवेदांत एकेडमी के निदेशक बुद्धिमन्ता दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समारोह के दौरान विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।





