- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Indirapuram: थाईलैंड...
Indirapuram: थाईलैंड टूर के पैसे लेकर ट्रेवल एजेंसी ने दिया धोखा

इंदिरापुरम: वैशाली के रामप्रस्थ ग्रीन सोसायटी में रहने वाले निजी कंपनी कर्मचारी तनुज गोयल ने सोनीपत स्थित प्रेरणा टूर एंड ट्रेवल्स के खिलाफ 3.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। ट्रेवल्स कंपनी ने उनका थाईलैंड के पर्यटन शहर फुकेट जाने का टूर पैकेज बुक कर रकम ली और बिना बताए कुछ दिन बाद ही पैकेज व बुकिंग रद्द कर दी। मामला दिसंबर 2024 का है, तब से कंपनी मालिक ने न तो रकम लौटाई और न ही दूसरा टूर पैकेज दिया। पुलिस ने ट्रेवल्स कंपनी के मालिक अरुण कुमार और कर्मचारी निश्चल खन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
तनुज गोयल ने बताया कि उन्होंने परिवार और मित्र समेत आठ लोगों के साथ घूमने जाने की योजना बनाई थी। पांच नवंबर 2024 को उन्होंने प्रेरणा टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी से फुकेट जाने के लिए पांच दिन और छह रात का टूर पैकेज बुक किया था। इसके लिए उन्होंने कंपनी के अलग-अलग बैंक खातों में 3.20 लाख रुपये का भुगतान किया था। बताया कि उनकी यात्रा 28 दिसंबर 2024 को शुरू होनी थी। आरोप है कि यात्रा शुरू होने से करीब चार-पांच दिन पहले ही ट्रेवल कंपनी ने उनका टूर पैकेज रद्द कर दिया। इसके बाद से पांच महीने तक अरुण कुमार और निश्चल खन्ना रुपये वापस करने के लिए टालमटोल करते रहे। बीच में दो बार उन्होंने चेक भी दिए लेकिन वह भी बैंक में बाउंस हो गए।
आरोप यह भी है कि कंपनी मालिक अरुण कुमार ने कंपनी की आंतरिक समस्या बताकर पैकेज रद्द करने की बात कही थी। रकम या टूर पैकेज दोनों में से कुछ भी न मिलने की आशंका होने पर उन्होंने 13 मई को थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में तनुज गोयल ने यह आरोप भी लगाया है कि ट्रेवल्स कंपनी ने उनकी तरह करीब 40-50 अन्य लोगों से भी इसी तरह धोखाधड़ी की है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की शुरूआती जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।





