दिल्ली-एनसीआर

Indirapuram: किरायेदार ने किया फ्लैट पर कब्जा, खाली करने से इंकार

Admindelhi1
25 May 2025 10:54 AM IST
Indirapuram: किरायेदार ने किया फ्लैट पर कब्जा, खाली करने से इंकार
x
पुलिस ने जांच शुरू की

इंदिरापुरम: वैशाली सेक्टर सात स्थित रामप्रस्था ग्रीन सोसायटी के कौरल हाईट्स निवासी स्मृति रस्तोगी ने अपने ही दूसरे फ्लैट में किराये पर रहने वाले प्रदीप कुमार बंसल व उनकी पत्नी नीरू बंसल पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने फ्लैट वर्ष 2022 में किराये पर दिया था। जनवरी 2025 में एग्रीमेंट पूरा होने के बाद खाली करने को कहा। पीड़िता ने दंपती पर गाली-गलौज करने, फ्लैट खाली न करने व धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

दर्ज मुकदमे में स्मृति रस्तोगी ने बताया कि उनके पति का देहांत हो चुका है। वह बिल्डिंग के 15वें तल पर रहती हैं। चौथे तल पर उन्हीं का एक अन्य फ्लैट है। 18 अप्रैल 2022 को उन्होंने प्रदीप कुमार बंसल को रेंट एग्रीमेंट के तहत फ्लैट किराये पर दिया था। बताया कि जनवरी 2025 में एग्रीमेंट की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। एक महीने पहले ही यानी दिसंबर 2024 में उन्होंने किरायेदारों को फ्लैट खाली करने का नोटिस दे दिया था। इसके बाद भी फ्लैट खाली नहीं किया गया। आरोप है कि 16 अप्रैल 2025 को जब वह बातचीत करने किरायेदार के पास गईं, तब प्रदीप कुमार बंसल, उनकी पत्नी नीरू बंसल और पुत्रवधू अंजली बंसल ने उनसे गाली-गलौज करते हुए फ्लैट खाली करने से इन्कार किया। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रेंट एग्रीमेंट के दस्तावेज भी जांच किए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story