- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- युवाओं के दम पर बनेगा...
दिल्ली-एनसीआर
युवाओं के दम पर बनेगा विकसित भारत, जिला स्तर पर मिलेगा साझा मंच
SHIDDHANT
15 Sept 2026 9:42 PM IST

x
Delhi दिल्ली। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत युवा नेतृत्व को जिला स्तर पर एक साझा मंच से जोड़ने की पहल की जा रही है। सेंट्रल नॉर्थ जिले के डीएम एसएस परिहार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, विद्यार्थियों, युवा नेतृत्व और कारोबारी उद्यमियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाना है, ताकि वे अपने विचारों और प्रयासों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें। डीएम एसएस परिहार के मुताबिक, कार्यक्रम के जरिए जिला स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े युवाओं की पहचान कर उन्हें संवाद का अवसर दिया जाएगा। युवाओं से सीधे बातचीत कर उनके विचार, सुझाव और भविष्य की योजनाओं को समझने का प्रयास होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने जिले के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत युवाओं के लिए क्विज और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, नवाचार और समस्याओं के समाधान की सोच विकसित करना है। अलग-अलग विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विशेषज्ञों के माध्यम से युवाओं को जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को अपने कौशल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रशासन का प्रयास है कि केवल संवाद तक कार्यक्रम सीमित न रहे, बल्कि युवाओं को ऐसा मंच मिले जहां वे अपने विचारों को व्यावहारिक रूप दे सकें।
डीएम परिहार ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में जिलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जब युवा अपने जिले की समस्याओं, जरूरतों और संभावनाओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करेंगे, तो स्थानीय स्तर पर विकास की प्रक्रिया को गति मिलेगी। इसी सोच के साथ युवाओं को जिला स्तर पर विकास की गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के माध्यम से प्रशासन युवाओं की ऊर्जा, नए विचारों और उद्यमशीलता को विकास से जोड़ना चाहता है। कार्यक्रम में बच्चों और विद्यार्थियों से लेकर युवा उद्यमियों तक की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इसका लक्ष्य ऐसी युवा नेतृत्व क्षमता तैयार करना है, जो भविष्य में अपने जिले के साथ देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सके।
Next Story





