दिल्ली-एनसीआर

राजधानी में एमसीडी के मद्देनजर आज मचेगा धमाल

Admin Delhi 1
30 Nov 2022 7:15 AM GMT
राजधानी में एमसीडी के मद्देनजर आज मचेगा धमाल
x

दिल्ली: गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार बंद होने के बाद बुधवार को राजधानी में एमसीडी के मद्देनजर धमाल मचेगा। भाजपा और आम आदमी पार्टी के तमाम बड़े नेता अनेक इलाकों में रोड शो करेंगे। अभी तक इनकी गुजरात चुनाव में डिमांड थी। ये अगले दो दिनों तक राजधानी में पार्टी के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए ताकत लगाएंगे। आप की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अलग-अलग इलाकों में रोड शो करेंगे। वहीं, भाजपा के केंद्रीय नेताओं की फौज दिल्ली में होगी। दिल्ली प्रदेश भाजपा के महामंत्री कुलजीत चहल ने बताया कि उनकी पार्टी ने बुधवार को विजय संकल्प रोड शो आयोजन किया है। भाजपा के 14 वरिष्ठ नेता अलग-अलग इलाकों में विजय संकल्प रोड शो करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी मालवीय नगर और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल व सांसद डा. हर्षवर्धन सदर बाजार में रोड शो से मतदाताओं से संपर्क करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव व सांसद रमेश बिधूड़ी देवली, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर राजौरी गार्डन, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रोहताश नगर, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह व सांसद हंसराज हंस सुल्तानपुर माजरा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व सांसद गौतम गंभीर कृष्णा नगर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मोती नगर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व सांसद प्रवेश वर्मा मटियाला, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या बुराड़ी, सांसद मनोज तिवारी रिठाला, सांसद रवि किशन पड़पड़गंज, सांसद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' छतरपुर और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करेंगे।

अंतिम दौर में अरविंद केजरीवाल ने संभाली प्रचार की कमान: दिल्ली नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पूरी तरह उतर गए हैं। प्रचार के आखिरी दौर में मंगलवार को केजरीवाल ने चिराग दिल्ली इलाके में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। मतदाताओं के गिले-शिकवे सुनने के साथ केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि वह दो करोड़ दिल्लीवासियों के साथ मिलकर राजधानी को साफ-स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे। केजरीवाल का कहना है कि एमसीडी में एक मौका देने के लिए लोग तैयार हैं। केजरीवाल ने भाजपा पर तंज कसा कि दिल्लीवालों ने दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की दुकान बद कर दी है। अब इन लोगों ने वीडियो कंपनी चालू की है, लेकिन पांच-छह दिन से कोई वीडियो नहीं आया। इससे लगता है कि अब यह भी बंद हो गई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस बार दिल्ली में उनकी 230 से ज्यादा सीटें आएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपावालों की बस 20 सीटें ही निगम चुनाव में आएंगी। इसकी वजह यह है कि उन्होंने 15 सालों में कोई काम नहीं किया। इस कारण उन्हें प्रचार के लिए सात मुख्यमंत्री और 17 केंद्रीय मंत्री बुलाने पड़ रहे हैं। दिल्ली सरकार अपने काम गिना रही है, अगर इन्होंने कोई काम किया हो तो बताएं। केजरीवाल ने सवाल किया कि क्या उन्हें गाली देने से दिल्ली की सफाई हो जाएगी। दिल्ली के लोग तीर्थ यात्रा से बहुत खुश हैं। सरकार जल्द ही बुजुर्गों को अयोध्या ले जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कराएगी

दिल्ली सरकार के कामों को गिनाया: मुख्यमंत्री ने चिराग दिल्ली में लोगों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं और दिल्ली सरकार के कामों को बताया। बीच-बीच में लोग सेल्फी भी लेते रहे। बच्चों,बुजुर्गों से मिलते हाथ मिलाते मुख्यमंत्री गलियों के चक्कर काटते रहे। बीच-बीच में उनके साथ बैठकर चाय पीते हुए बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में चारों तरफ कूड़ा फैला है। यह एमसीडी का काम है, लेकिन वह इसे नहीं कर सकी। इसे देखकर बहुत तकलीफ होती है। एमसीडी की आप में सत्ता आते ही पूरी दिल्ली का कूड़ा साफ होगा। पांच सालों में दिल्ली साफ-सुथरी हो जाएगी।

सीएम बोले- अपना रिकाॅर्ड तोड़ेगी आप: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव का अपना रिकार्ड नगर निगम चुनाव में तोड़ेगी। निगम की सत्ता हासिल होने के बाद एमसीडी में आप योजना लांच करेगी। इसका नाम जनता चलाएगी एमसीडी होगा। जनता के नजदीक होने से इसके केंद्र में आरडब्ल्यूए होगी। इसे मिनी पार्षद का दर्जा मिलेगा। पार्षद जैसे एक वार्ड का नेता होता है, वैसे ही आरडब्ल्यूए को अपने इलाके का नेता माना जाएगा। उस आरडब्ल्यूए के इलाके में रहने वाली जनता को कोई काम करवाना है तो उसे किसी नेता के चक्कर काटने नहीं होंगे। वह आरडब्ल्यूए से सारे काम करवा सकेगी। केजरीवाल के मुताबिक, एमसीडी चुनाव में अब चंद दिन बाकी हैं। कोई किसी भी पार्टी से हो, इससे कोई लेना-देना नहीं है। दिल्ली सरकार अब आरडब्ल्यूए को सशक्त करेगी। हकीकत में सरकार सभी को राजनीतिक व वित्तीय ताकत मिलेगी। आरडब्ल्यूए का पूरा सिस्टम ऑनलाइन होगा। लोगों की मांग व शिकायतों को सरकार, विधायक व पार्षद देख सकेंगे। इसकी पूरी जवाबदेही भी उनके पास होगी। केजरीवाल ने अपील की कि सभी आरडब्ल्यूए यह सुनिश्चित करें कि इस बार एमसीडी की 250 की 250 सीटें आम आदमी पार्टी को आनी चाहिए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को केजरीवाल की चुनौती: केजरीवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को चुनौती दी कि वह 15 सालों के एमसीडी शासन के दौरान केजरीवाल को गाली देने के अलावा कोई एक भी काम किया हो तो बता दें। केजरीवाल के मुताबिक, इनका एक सूत्री काम केजरीवाल को गाली देना है। एलजी साहब से दिल्ली के सारे काम रूकवा दिए। काम रोकने और गालियां देने वालों को वोट नहीं मिलता है, काम करने वालों को वोट मिलता है। पिछली बार इन लोगों ने कूड़े का पहाड़ हटाने के नाम पर वोट लिया था, लेकिन यह काम भी नहीं कर पाए। अब कह रहे हैं कि यह हट नहीं सकेगा। केजरीवाल ने सवाल किया कि लंदन और टोक्यो में कूड़े का पहाड़ कहां है। इंदौर में ही बता दें कि कूड़े का पहाड़ कहां हैं। इसकी जगह यह लोग दिल्ली के हर काम रोक रहे हैं। काम रोकने वालों को जनता पसंद नहीं करती है, काम करने वालों को जनता पसंद करती है।

छह माह में सफाईकर्मी होंगे पक्के : कांग्रेस

एमसीडी चुनाव में कांग्रेस ने अब अनुसूचित जाति कार्ड का दांव खेला है। प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने दावा किया कि निगम की सत्ता में काबिज होने के छह महीने के अंदर सभी अस्थायी सफाईकर्मियों को पक्का किया जाएगा। एससी वर्ग का उत्थान कर सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक न्याय दिलवाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने के छह महीने में एमसीडी के सभी अस्थायी और ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। खाली पदों को भरने के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी दिए जाएंगे। निगम में ठेका प्रथा को खत्म किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली के सभी हिस्सों में सर्वे के बाद अनुसूचित जाति के परिवारों के एक सदस्य को निगम में नौकरी दी जाएगी।

भाजपा ने 15 वर्षों के कार्यकाल में सफाईकर्मियों को पक्का नहीं किया। 2022 के वचन पत्र में उन्हें नौकरी देने के लिए एक शब्द का नहीं होना इस वर्ग के साथ धोखा है। हम निगम में नौकरियां सृजित कर अनुसूचित जाति परिवार के सदस्यों के जीवन स्तर को उठाएंगे। ठेका प्रथा, बेरोजगारी मुक्त बनाने के सहित हर घर आरओ का रखरखाव अनुसूचित जाति के परिवारों को निशुल्क मुहैया करेंगे। 2007-2012 के दौरान कांग्रेस ने निगम में रहते हुए प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क बनाए थे। सत्ता में आने पर दिल्ली के 42 आरक्षित (अनुसूचित जाति) वार्डों को मॉडल वार्ड बनाया जाएगा। वार्ड में सफाई व्यवस्था, कूड़ा कचरा मुक्त कर कॉलोनियों को स्वच्छ वातावरण बनाया जाएगा। मॉडल वार्ड के रूप में विकसित कर कांग्रेस देश के सामने एक मिसाल पेश करेगी। प्रत्येक गरीब के घर आरओ लगाने के साथ-साथ एससी परिवार में आरओ के रखरखाव का खर्च भी निगम की ओर से किया जाएगा।

दिल्ली में भ्रष्टाचार से जनता परेशान : भाजपा

एमसीडी चुनाव में पांच केंद्रीय मंत्रियों सहित विभिन्न प्रदेशों के मुख्यमंत्री एवं पदाधिकारियों ने 108 विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसभा, नुक्कड़ सभा एवं पदयात्रा के माध्यम से जनसंपर्क किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने जो भ्रष्टाचार व कुठाराघात किया है उससे जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल सरकार से जनता एमसीडी चुनाव में बदला लेगी। हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की राजनीति पूरे देश की राजनीति तय करती है और इसलिए आज एमसीडी चुनाव को लेकर हमें सही फैसला लेना है। उन्होंने चौथी बार भाजपा को एमसीडी में सेवा का मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एमसीडी में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एमसीडी दोहरी ऊर्जा और तेजी से दिल्ली का विकास करेगी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दिल्ली का व्यापारी समुदाय देश के आर्थिक विकास का भागीदार है और इसी विकास को जारी रखने के लिए वे एमसीडी में भी भाजपा को ही चुनेगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, नरेन्द्र सिंह तोमर, जितेन्द्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, अजय भट्ट, अन्नपूर्णा देवी यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता आदि ने भी प्रचार किया।

आप के तीन पूर्व विधायक भाजपा में शामिल: आम आदमी पार्टी के तीन पूर्व विधायकों ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। तीनों ने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर पार्टी छोड़ दी थी। आप के पूर्व विधायक दिल्ली कैंट से कमांडो सुरेंद्र सिंह, त्रिलोकपुरी से राजू धींगान और गोकलपुर से चौ. फतेह सिंह भाजपा में शामिल हुए हैं। उनका प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, राष्ट्रीय प्रवक्ता डाॅ. संबित पात्रा व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने स्वागत किया। इस मौके पर आदेश गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में काफी अंतर है। परेशान होकर जिन नेताओं ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, उनसे भाजपा को एमसीडी चुनाव में काफी मजबूती मिलेगी। जो केजरीवाल तिरंगा और राष्ट्रपिता की तस्वीर लेकर चलते थे, वह आज टिकट बेचने से लेकर भ्रष्टाचार के नए-नए कारनामों को अंजाम दे रहे है। वहीं, संबित पात्रा ने कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने में केजरीवाल और उनकी पूरी टीम का साथ दिया, आज केजरीवाल उनके साथ ही भ्रष्टाचार करने में लगे हुए हैं।

Next Story