दिल्ली-एनसीआर

सीलमपुर इलाके में आपसी रंजिश में 6 लड़कों ने युवक को चाकू से गोदकर मार डाला, कुछ लड़कों से हिरासत में पूछताछ जारी

Admin Delhi 1
20 Oct 2022 12:03 PM IST
सीलमपुर इलाके में आपसी रंजिश में 6 लड़कों ने युवक को चाकू से गोदकर मार डाला, कुछ लड़कों से हिरासत में पूछताछ जारी
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: आपसी रंजिश में बीती रात 6 लड़कों ने एक युवक समीर खान की बेरहमी से चाकू से गोद हत्या कर दी। ये वारदात सीलमपुर इलाके में हुई। मामले में पुलिस ने कुछ लड़कों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि समीर के छोटे भाई शुएब से कुछ लड़कों का झगड़ा हुआ था। उस मामले में छोटा भाई जेल में बंद है। माना जा रहा है कि उसी झगड़े का बदला लेने के लिए समीर की हत्या की गई होगी। परिजनों का आरोप है कि हमले के समय आरोपियों के साथ एक लड़की भी शामिल थी। हमलावरों में ज्यादातर लड़के नाबालिग थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। समीर परिवार के साथ न्यू सीलमपुर, इमामबाड़ा इलाके में रहता था। उसके परिवार में पिता यासीन खान, मां फरीदा, दो बहनें व चार भाई हैं। समीर के ताऊ कय्यूम ने बताया कि परिवार घर के पास ही चौक पर एक चाय का ढाबा चलाता है। ढाबा 24 घंटे खुला रहता है। समीर अपने दादा मंसूर अहमद के साथ ढाबे पर मौजूद था।

आरोप है कि लगभग सात- आठ लड़के वहां पहुंचे। इनके साथ एक लड़की भी मौजूद थी। लड़कों ने बातचीत करने के बहाने समीर को बुलाया। बाद में वह उसे कुछ दूर ले गए। इस बीच एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर उसके सीने के पास घोंप दिया और फरार हो गए। शोर- शराबा होने पर परिजन तुरंत समीर को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

छोटे भाई से हुए झगड़े में हुई होगी समीर की हत्या: पूछताछ के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले सभी लड़के जनता कॉलोनी वेलकम के रहने वाले हैं। समीर के छोटे भाई शुएब से इनका झगड़ा हुआ था। मामले में दोनों ओर से लड़के जेल गए हुए हैं। शुएब भी फिलहाल जेल में है। उसका बदला लेने के लिए ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस लड़कों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

Next Story