दिल्ली-एनसीआर

सराय रोहिल्ला में युवक को बीच-बचाव करना पड़ा महंगा, बदमाश ने चाकू घोंपकर की हत्या

Admin Delhi 1
10 Jun 2022 12:13 PM IST
सराय रोहिल्ला में युवक को बीच-बचाव करना पड़ा महंगा, बदमाश ने चाकू घोंपकर की हत्या
x

दिल्ली क्राइम न्यूज़: झगड़े के दौरान महज बीच-बचाव कराने का बदला लेने के लिए नाबालिग लडक़ों ने एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मामला सराय रोहिल्ला इलाके का है जहां मृतक मोहम्मद शुएब है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। एक नाबालिग हत्या और दूसरा नाबालिग हत्या के प्रयास के आरोप में शामिल रह चुका है। एक कुछ ही दिनों पूर्व बाल सुधार गृह से बाहर आया है। पुलिस बाकी फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शुएब का शव परिवार के हवाले कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक शुएब परिवार के साथ दया बस्ती, सराय रोहिल्ला में रहता था। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा अन्य सदस्य हैं। शुएब घर में ही मीट की दुकान चलाता था। शुएब किसी काम से बाहर निकला तो आरोपियों ने घेरकर उसकी हत्या कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 16 साल का नाबालिग हत्या के मामले में अभी बाल सुधार गृह से बाहर आया है। वहीं दूसरा 17 वर्षीय नाबालिग हत्या के प्रयास के मामले में शामिल रहा है। देर रात को शुएब के भाई ने कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई को सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के पास किसी ने चाकू मार दिया है। परिवार शुएब को अस्पताल ले जा रहा है। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां शुएब को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से जांच की तो पता चला कि वारदात को इलाके में ही रहने वाले नाबालिग लडक़ों ने अंजाम दिया है। पुलिस ने छानबीन के बाद 16 और 17 साल के दोनों लडक़ों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि नाबालिगों का किसी अन्य युवक से झगड़ा हो रहा था। शुएब वहां पहुंचा और उसने झगड़े के दौरान बीच-बचाव कराकर दूसरे लडक़े को छुड़वा दिया था। इस बात पर नाबालिग आग बबूला थे।

Next Story