दिल्ली-एनसीआर

लक्मी नगर से सटे प्रीत विहार इलाके में बदमाशों ने मारपीट के बाद दो युवकों को अगवा किया, जानिए पूरा मामला

Admin Delhi 1
9 March 2022 2:52 PM GMT
लक्मी नगर से सटे प्रीत विहार इलाके में बदमाशों ने मारपीट के बाद दो युवकों को अगवा किया, जानिए पूरा मामला
x

दिल्ली एनसीआर क्राइम न्यूज़ अपडेट: पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में आठ-दस लड़कों ने चार भाईयों की पिटाई कर दो को अगवा कर लिया। पीसीआर कॉल होने से पूर्व ही पुलिस गश्त करते हुए वहां पहुंची तो वारदात का पता चला। फौरन मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से तीन घंटे के भीतर दोनों लड़कों को मंडावली से सकुशल मुक्त करा लिया गया। जांच के दौरान पुलिस को दोनों लड़कों के अलावा नोएडा सेक्टर-27 से अगवा एक और युवक मिला। मौके से नाबालिग समेत दो लड़कों को हिरासत में लिया गया। बाकी आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस को वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद हो गई। शुरुआती जांच के बाद पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस पूरी साजिश की वजह प्रेम प्रसंग हैं। हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही लड़कों को अगवा करने की असली वजहों का पता चल पाएगा। फिलहाल प्रीत विहार में अपहरण, डकैती, मारपीट, बंधक बनाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक सोमवार रात को सादाबाद, हाथरस निवासी चार भाई अपने कजिन रवि को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़ने आए थे। देर रात करीब 2.00 बजे रवि की जम्मू के लिए ट्रेन थी। भाई को छोड़ने के बाद चारों ने प्रीत विहार के एक 24 घंटे खुलने वाले रेस्टोरेंट में खाना खाने का मन बनाया। चारों अपनी कार से वहां पहुंच गए। इस बीच करीब 3.30 बजे अचानक आठ-दस लड़के कार और स्कूटी से वहां पहुंचे। आते ही आरोपी चारों भाईयों को पीटने लगे। वहां पर लोग इकट्ठा हो गए। तभी गश्त करते हुए पुलिस की टीम वहां आ गई। पुलिस को देखते ही आरोपित अक्षय और उसके छोटे नाबालिग भाई हनी को कार में बिठाकर फरार हो गए। वहां मौजूद बाकी दोनों भाईयों ने पुलिस को सारी बात बताई। फौरन वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी खबर दी गई। पुलिस की टीम ने अक्षय और हनी के मोबाइल नंबर लिये। इसके बाद मोबाइल फोन से उनकी लोकेशन का पता किया गया। दोनों भाईयों के मोबाइल की लोकेशन मंडावली की मिली। वहां पहुंचकर करीब ढाई-तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को एक मकान के बाहर आरोपियों की कार खड़ी दिख गई।

पुलिस ने वहां छापेमारी की तो भगदड़ मच गई। अगवा दोनों भाई अक्षय और हनी को सकुशल मुक्त करा लिया गया। इसके अलावा नोएडा सेक्टर-27 से सोमवार रात 10.30 बजे अगवा किया गया अनिल मिश्रा भी मिल गया। अनिल ने बताया कि वह नोएडा के एक मीडिया हाउस के जिम में ट्रेनर है। पुलिस ने दो आरोपी लड़कों को भी मौके से दबोच लिया। उनमें एक नाबालिग निकला। पकड़े दूसरे बालिग आरोपित की पहचान मंजीत के रूप में हुई है। पुलिस मंजीत व नाबालिग से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इन लड़कों की पिटाई कर उनके मोबाइल व 6600 रुपये कैश भी लूट लिया गया। इस पूरी साजिश के पीछे मंडावली के बदमाश इरशाद उर्फ सुइया का हाथ बताया जा रहा है। वह अपने साथियों के साथ फरार है। मंडावली में उसका सट्टेबाजी का धंधा है। वहीं मामले पर पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार का कहना है कि फिलहाल पीड़ित लड़कों को अगवा करने की वजहों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।

Next Story