दिल्ली-एनसीआर

Illegal हथियार भी बरामद, जांच जारी

Ratna Netam
4 July 2026 6:35 PM IST
Illegal हथियार भी बरामद, जांच जारी
x

Noida नोएडा : थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग, चोरी और टप्पेबाजी की वारदातों में शामिल एक शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 28 चोरी और स्नैच किए गए मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने एच ब्लॉक क्षेत्र में कार्रवाई कर रोहित कुमार, गौरव कुमार और रवेन्द्र को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों से चोरी और स्नैच किए गए थे।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में लोगों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य पहले लोगों का ध्यान भटकाकर मोबाइल चोरी करते थे और फिर सुनसान इलाकों में राहगीरों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन को आरोपी बेहद कम कीमत पर बेच देते थे, जिससे वे आसानी से खप जाते थे और पुलिस की नजर से बच जाते थे।गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार हापुड़ का निवासी है और प्लंबर का काम करता है, गौरव कुमार बुलंदशहर का रहने वाला है और एक हेलमेट कंपनी में कार्यरत है, जबकि रवेन्द्र बदायूं का निवासी है और ई-रिक्शा चलाता है। तीनों वर्तमान में गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रह रहे थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के असली मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की भी जांच की जा रही है।

Next Story