दिल्ली-एनसीआर

ऐप के जरिए चल रही थी शराब की अवैध डिलीवरी, पुलिस ने किया भंडाफोड़

Saba Naaz
14 Jun 2025 7:23 PM IST
ऐप के जरिए चल रही थी शराब की अवैध डिलीवरी, पुलिस ने किया भंडाफोड़
x
Delhi दिल्ली : द्वारका जिला पुलिस के वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने अवैध शराब से जुड़े मामले में एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो तस्करी के लिए ऐप-आधारित लॉजिस्टिक्स डिलीवरी सेवा का इस्तेमाल करता था। इस मामले में जिस वाहन का शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहा था, उसे पुलिस ने जब्त कर लिया। 1200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपित का नाम गौरव है। मामले की जांच जारी है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित कुमार सिंह ने बताया कि जिले में संगठित अपराध सिंडिकेट्स, विशेष रूप से शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए बहुस्तरीय प्रयास किए जा रहे हैं। एएटीएस के प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन हुआ है। टीम को द्वारका जिला और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने और अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों से आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। टीम लगातार द्वारका जिला में अंतरराज्यीय अवैध शराब डिलीवरी पर जानकारी एकत्र कर रही थी।
उनके समर्पित प्रयासों का परिणाम तब सामने आया जब तकनीकी निगरानी और सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि ककरौला रोड, सीआरपीएफ आवासीय परिसर, सेक्टर 16-B, द्वारका, दिल्ली के सामने एक तीन-पहिया टेंपो को देखा गया है, जिसमें खेप है। टेम्पो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिसकर्मियों ने चालक गौरव को वाहन सहित पकड़ लिया। सूचना के आधार पर, टेंपो की जांच की गई, जिसमें अवैध शराब के 24 कार्टन (1200 क्वार्टर) भरे हुए थे। बरामद अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त टेंपो को जब्त कर लिया गया। पूछताछ के दौरान, आरोपी गौरव ने पुलिस को बताया कि उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की, लेकिन आगे की पढ़ाई छोड़ दी। वह चालक के रूप में काम करता है और अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
वह अपने इलेक्ट्रिक तीन-पहिया टेंपो के माध्यम से अंकल डिलीवरी ऐप के जरिए बुकिंग पर सामान की डिलीवरी भी करता है। बहादुरगढ़, हरियाणा के एक व्यक्ति सुतज ने अंकल डिलीवरी ऐप के माध्यम से टिकरी बार्डर, बहादुरगढ़, हरियाणा से द्वारका तक एक पार्सल की डिलीवरी बुक की थी। वह टिकरी बार्डर, बहादुरगढ़ रोड पर सामान लेता और अंकल डिलीवरी ऐप के माध्यम से बुकिंग के अनुसार दिल्ली, विशेष रूप से द्वारका में डिलीवरी करता था। बार-बार डिलीवरी के बाद, दोनों की जान-पहचान हो गई और गौरव ने सीधे आरोपित के लिए डिलीवरी शुरू कर दी, जिसके बाद उसे अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। अब पुलिस अवैध शराब के स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
Next Story