- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- पाकिस्तान अपनी भौगोलिक...
दिल्ली-एनसीआर
पाकिस्तान अपनी भौगोलिक स्थिति बनाए रखना चाहता है तो आतंकवाद बंद करेः सेना प्रमुख
SHIDDHANT
3 Oct 2025 8:39 PM IST

x
Delhi दिल्ली: भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि पाकिस्तान अपनी भौगोलिक स्थिति बनाए रखना चाहता है तो उसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद बंद करना होगा। जनरल द्विवेदी ने शुक्रवार को राजस्थान में अग्रिम मोर्चों का दौरा कर सैनिकों का उत्साह बढ़ाया और उनकी ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर 2.0 को लेकर बड़ा बयान दिया। जनरल द्विवेदी ने कहा कि उनके यहां आने का उद्देश्य यह देखना था कि यदि ऑपरेशन सिंदूर 2.0 होता है तो हमारी तैयारी कैसी है। मुझे पूरा विश्वास है कि अगर हमें अवसर मिला तो हम पूरी तरह से तैयार हैं। जब भी हमें मौका मिलेगा, नतीजे सकारात्मक होंगे और परिणाम हमारे पक्ष में ही होंगे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस बार भारत पूरी तरह से तैयार है और पिछले अभियान जैसी संयम नीति नहीं अपनाई जाएगी। सेनाध्यक्ष ने कहा, “इस बार कार्रवाई ऐसी होगी कि पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि वह भौगोलिक रूप से अस्तित्व में रहना भी चाहता है या नहीं। अगर पाकिस्तान अपनी भौगोलिक स्थिति बनाए रखना चाहता है तो उसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद बंद करना होगा। सैनिकों को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के लिए रक्षा मंत्री ने मुझे विशेष रूप से कहा था कि जब भी मैं आपसे मिलूं, यह संदेश दूं कि उसकी सफलता का पूरा श्रेय आप सबको जाता है। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारी जिंदगी से इस तरह जुड़ा हुआ है कि यह जीवन भर हमारे साथ रहेगा। सेना प्रमुख ने बीकानेर मिलिट्री स्टेशन और अग्रिम चौकियों पर जाकर ऑपरेशनल तैयारी की समीक्षा भी की और अधिकारियों, सैनिकों और पूर्व सैनिकों से बातचीत की।
उन्होंने यहां आधुनिकीकरण, प्रौद्योगिकी और कॉम्बैट रेडीनेस पर जोर दिया। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना द्वारा किया गया वह विशेष अभियान था, जिसने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया था। इसे देश की सामरिक क्षमता और सैनिकों के साहस का प्रतीक माना जाता है। सेना प्रमुख के इस बयान से साफ है कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो भारत निर्णायक और आक्रामक रुख अपनाएगा। पाकिस्तान को आतंकवाद की अपनी नीति पर गंभीरता से पुनर्विचार करना होगा।
बता दें कि शुक्रवार को ही भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। शुक्रवार को नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए गए। वहीं पाकिस्तानी बेस पर खड़े 4 से 5 एफ-16 लड़ाकू विमान भी इस दौरान निशाने पर आए। ये विमान जमीन पर ही थे। इसके अलावा, वायुसेना ने कई पाकिस्तानी एयरबेस, राडार, कमांड सेंटर, रनवे, हैंगर और एक सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली को गंभीर क्षति पहुंचाई। एयर चीफ ने बताया कि इस कार्रवाई में पाकिस्तान का एक सी-130 श्रेणी का विमान और संभवत एक हाई-वैल्यू निगरानी विमान भी हिट हुआ।
Tagsजनरल उपेन्द्र द्विवेदीभारतीय सेनाऑपरेशन सिंदूरपाकिस्तानराज्य प्रायोजित आतंकवादराजस्थान दौरासैन्य तैयारीबीकानेर मिलिट्री स्टेशनआक्रामक रुखवायुसेना प्रमुखएयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंहएफ-16सामरिक क्षमताजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





